बरेली: मीटर रीडरों ने चीफ इंजीनियर कार्यालय पर किया प्रदर्शन
बरेली, अमृत विचार। सर्किट हाउस स्थित बिजली निगम के मुख्य अभियंता तारिक मतीन के कार्यालय पर मीटर रीडरों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा काटा। बोले-वेतन न मिलने व कम वेतन से परिवार के पालन पोषण में दिक्कत हो रही है। प्रोप बिलिंग के लिए उन्होंने मोबाइल की मांग की। बिजली निगम के देहात अधीक्षण अभियंता …
बरेली, अमृत विचार। सर्किट हाउस स्थित बिजली निगम के मुख्य अभियंता तारिक मतीन के कार्यालय पर मीटर रीडरों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा काटा। बोले-वेतन न मिलने व कम वेतन से परिवार के पालन पोषण में दिक्कत हो रही है। प्रोप बिलिंग के लिए उन्होंने मोबाइल की मांग की।
बिजली निगम के देहात अधीक्षण अभियंता तारिक जलील ने शुक्रवार को देहात क्षेत्र के मीटर रीडरों को बैठक के लिए बुलाया था। बैठक में शामिल होने के लिए जिलेभर में देहात क्षेत्र के सैकड़ों मीटर रीडर सर्किट हाउस स्थित चीफ इंजीनियर कार्यालय पहुंच गए जहां पर एसई ने एक्सईन रणजीत चौधरी से मीटर रीडरों के सुपरवाइजर से वार्ता के लिए कहा।
सभी मीटर रीडर भी वार्ता के लिए अंदर जाने लगे जब मीटर रीडरों को बताया गया कि सिर्फ सुपरवाइजर से वार्ता की जाएगी, उसके बाद सभी मीटर रीडर भड़क गए। उन्होंने अपनी एकता दिखाते हुए जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी। उसके बाद एक्सईन बाहर आए तो मीटर रीडरों ने बताया कि उन्हें कई माह से वेतन नहीं दिया गया है। साथ ही उनका वेतन काफी कम है।
कर्मचारियों ने आगे कहा कि प्रोप बिलिंग के लिए उन्हें अपने पैसे से मोबाइल खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने काम करने से इंकार कर दिया। कर्मचारियों की चेतावनी के बाद अधिकारियों ने लिखित में उनसे नौकरी छोड़ने को कहा तो सब चुप हो गए। हालांकि बाद में अधिकारियों ने सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर आगे की मीटर लगाने की योजना पर चर्चा की।
