बाजपुर: पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने वाला पति अब खुद ही सलाखों के पीछे
बाजपुर,अमृत विचार। पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने वाला पति अब खुद ही सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस की जांच में बरामद विवाहिता नाबालिग निकली जिसके चलते पुलिस ने उसके पति व भगाकर ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशों पर जेल भेज दिय है। वहीं विवाहिता की मां को भी …
बाजपुर,अमृत विचार। पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने वाला पति अब खुद ही सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस की जांच में बरामद विवाहिता नाबालिग निकली जिसके चलते पुलिस ने उसके पति व भगाकर ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशों पर जेल भेज दिय है। वहीं विवाहिता की मां को भी आरोपित बनाया जा रहा है।
ग्राम उझियानी जंगल निवासी राज सिंह उर्फ राजू पुत्र काला सिंह ने पुलिस चौकी बन्नाखेड़ा में गुमशुदगी तहरीर देकर अवगत कराया था कि 19 जनवरी 2021 को उसकी पत्नी बाजार जाने की बात कह कर घर से चली गई थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी।
उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल पाया जिसके चलते पुलिस ने 3 मार्च 2021 को अज्ञात के खिलाफ धारा 365 आईपीसी आदि के तहत मामला दर्ज कर लिया था। एसएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि जांच-पड़ताल में पता चला कि विवाहिता को ग्राम बैराज कॉलोनी शक्तिनगर बिजनौर (उप्र) निवासी राजेंद्र पुत्र सतनाम सिंह भगा ले गया है जिसमें पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों को बिंदुखेढ़ा रुद्रपुर से बरामद कर लिया।
विवेचना के दौरान विवाहिता नाबालिग पाई गई जिसके चलते इस मामले में बाल विवाह संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं को बढ़ा कर विवाहिता के पति राज सिंह व राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेजने के आदेश दे दिए गए हैं।
सालभर पहले लॉकडाउन में हुई थी शादी
बाजपुर। बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि कोतवाली नानकमत्ता क्षेत्र के अंतर्गत निवासरत एक महिला ने अपनी बेटी की शादी बाजपुर के उझियानी जंगल निवासी राज सिंह पुत्र काला सिंह के साथ सालभर पहले लॉकडाउन के दौरान की थी। चूंकि अब पुलिस की जांच-पड़ताल में विवाहिता नाबालिग निकली है जिसके चलते उसकी मां टुकड़ी नानकमत्ता निवासी जंगीर कौर पत्नी स्व.सरजीत सिंह को भी आरोपित बनाया गया है और बाल विवाह संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया जा रहा है।
पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा
बाजपुर। एसएसआई जसविंदर सिंह के अनुसार राज सिंह का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, उसने इसकी शिकायत अपनी मां से की थी जिसके चलते बेटी के ससुराल पहुंची मां जनवरी माह में उसे अपने साथ नानकमत्ता ले गई। बताया जाता है कि विवाहिता को भगा कर ले जाने वाला युवक भी उस दिन विवाहिता की मां के साथ उसकी ससुराल गया था। मायके जाने के कुछ दिन बाद से ही दोनों गायब हो गए थे।
