मुरादाबाद : साइबर लुटेरों ने व्यापारी के खाते से उड़ाए 2.87 लाख रुपये
मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर लुटेरों ने रामपुर जनपद के व्यापारी को निशाना बनाकर 2.87 लाख रुपये की चपत लगा दी। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो होश उड़ गए। रिपोर्ट दर्ज कराने वह पुलिस के पास पहुंचा तो एक लाख रुपये से अधिक धनराशि होने की बात कहकर रिपोर्ट दर्ज करने से इन्कार कर दिया …
मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर लुटेरों ने रामपुर जनपद के व्यापारी को निशाना बनाकर 2.87 लाख रुपये की चपत लगा दी। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो होश उड़ गए। रिपोर्ट दर्ज कराने वह पुलिस के पास पहुंचा तो एक लाख रुपये से अधिक धनराशि होने की बात कहकर रिपोर्ट दर्ज करने से इन्कार कर दिया गया। उच्चधिकारियों से शिकायत के बाद साइबर थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जनपद रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के दुलीवाला गांव निवासी व्यापारी अशोक कुमार सैनी के अनुसार 31 मार्च को उनके फोन पर काल आई। कालर ने अपना नाम राहुल शर्मा बताते हुए कहा कि वह एसबीआई की नोएडा शाखा से बोल रहा है। उसका कहना था कि आप अपना एकाउंट चेक करें, उससे 1.40 लाख रुपये निकाले गए हैं। उनके अनुसार जब उन्होंने एकाउंट चेक किया तो रकम निकाली जा चुकी थी। इसके बाद उस व्यक्ति ने दोबारा फोन किया और कहा कि ओटीपी भेज रहा है। उसके संबंध में बताओ, वरना खाते से पूरी रकम निकल जाएगी। इस पर उन्होंने जानकारी उसे दे दी।
इसके बाद उनके खाते से 1.47 लाख रुपये निकाल लिए गए। एकाउंट चेक करने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने थाना टांडा में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। लेकिन, एक लाख से अधिक धनराशि होने के कारण पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इन्कार कर दिया। इस पर पीड़ित ने मुरादाबाद पहुंचकर आला अफसरों से शिकायत की। इसके बाद साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
