काशीपुर: चोरी के जेवरात समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। शादी में शामिल होने पंजाब गए दंपती ने जिस व्यक्ति को घर की सुरक्षा के लिए रखा उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी …

काशीपुर, अमृत विचार। शादी में शामिल होने पंजाब गए दंपती ने जिस व्यक्ति को घर की सुरक्षा के लिए रखा उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं।

बाजपुर रोड स्थित गुरुनानक कॉलोनी निवासी जसपाल सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा था कि 22 मार्च को सुबह लगभग छह बजे वह पत्नी कुलवंत कौर के साथ रिश्तेदारी में पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा गए हुए थे।

उन्होंने घर की रखवाली की जिम्मेदारी अपने एक रिश्तेदार को दे दी थी। 29 मार्च को जब वह घर वापस आए तो देखा कि अलमारी में रखे 20 हजार रुपये गायब हैं। एक सोने का हार, सोने की चार अंगूठी, दो कंगन, एक जोड़ी झुमके समेत तमाम जेवर भी चोरी हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर का कोई ताला नहीं टूटा था।

उन्होंने अपने रिश्तेदार से पूछा। लेकिन वह आनाकानी करने लगा। उन्होंने आशंका जताई कि रिश्तेदार ने उसके घर का जेवर और नकदी चोरी की होगी। रविवार को कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।

घटना में नामित आरोपी हरदेव सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथी राम सिंह और मनोज सिंह निवासी शिवनगर कॉलोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक हार सोने का, दो सोने के कंगन, चार अंगूठी सोने की, एक जोड़ी झुमकी बरामद कर ली।

एसपी कुमार ने बताया कि हरदेव नशा करने का आदि है। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की थी। इस मामले में पुलिस ने धारा 411 आईपीसी की बढ़ोत्तरी कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में कोतवाल संजय पाठक, वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र गौरव, उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, हेड कांस्टेबल सुरेश मिश्रा, कांस्टेबल भुवनेश्वर सिंह, जगमोहन सिंह, देव आनंद शामिल रहे।

संबंधित समाचार