बरेली: पति मायके बुलाने नहीं आया तो महिला पहुंची जान देने
बरेली, अमृत विचार। पति मायके में रह रही पत्नी को बुलाने नहीं आया तो विवाहिता ने गुस्से में जान देने का फैसला ले लिया। महिला रामगंगा में कूदकर अपनी जान देने पहुंच गई। महिला को रामगंगा की ओर भागते देख वहां मौजूद महिला सिपाही ने दौड़कर उसकी जान बचाई। उसके बाद महिला के परिजनों को …
बरेली, अमृत विचार। पति मायके में रह रही पत्नी को बुलाने नहीं आया तो विवाहिता ने गुस्से में जान देने का फैसला ले लिया। महिला रामगंगा में कूदकर अपनी जान देने पहुंच गई। महिला को रामगंगा की ओर भागते देख वहां मौजूद महिला सिपाही ने दौड़कर उसकी जान बचाई। उसके बाद महिला के परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद परिवार के लोग महिला को अपने साथ लेकर चले गए।
आंवला थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला तबस्सुम का निकाह बदायूं जिले की कोतवाली क्षेत्र के छोटी जियारत के पास रहने वाले शाहनवाज के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि पति उसे मायके में छोड़ने के बाद महीनों तक उसे बुलाने नहीं आता है। इसे लेकर वह तनाव में रहती है।
महिला के अनुसार पति उसे पिछले सप्ताह भी मायके में छोड़कर चला गया था जिसके बाद से वह उसे लेने नहीं आया है और इसी वजह से वह आत्महत्या करने को मजबूर हुई है।
रामगंगा चौकी इंचार्ज सहेन्द्र मलिक ने बताया कि गुरुवार को चौकी पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों को रामगंगा की तरफ एक महिला दौड़ती दिखाई दी। जिस पर शक होने पर महिला पुलिस कर्मी भी उसकी ओर दौड़ पड़ी और रामगंगा में डूबने से पहले ही महिला को पकड़ लिया। पुलिस ने महिला को बचाने के बाद उसके पति और मायके के लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उसके मायके वाले रामगंगा चौकी पर पहुंचे।
