बरेली: मास्क न पहनने वालों पर पुलिस की सख्ती, एक दिन में काटे 2041 चालान
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। आईजी रमित शर्मा ने बिना मास्क घूमने वालों पर सभी जिलों के कप्तानों को सख्ती बरतने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। बरेली जिले में 24 घंटे में पुलिस ने बिना मास्क घूमने वाले …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। आईजी रमित शर्मा ने बिना मास्क घूमने वालों पर सभी जिलों के कप्तानों को सख्ती बरतने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। बरेली जिले में 24 घंटे में पुलिस ने बिना मास्क घूमने वाले 2041 लोगों के चालान किए।
पुलिस ने इन लोगों से 2,10,950 रुपये का जुर्माना भी वसूला है। पुलिस शारीरिक दूरी का पालन न करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। महामारी एक्ट के तहत दुकानों, प्रतिष्ठानों पर भीड़ जमा होने पर ग्राहकों के साथ दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी।
एडीजी जोन अविनाश चंद्र ने सभी जिलों में सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। उन्होंने जनता से भी एहतियात बरतने के लिए कहा है। कोरोना के केस बढ़े तो सीएम ने सख्ती करने के निर्देश दिए। बरेली जिले में मास्क न पहनने वालों के खिलाफ अभियान शुरू हुआ लेकिन सिर्फ खानापूर्ति की गई। कभी 100 तो कभी 150 लोगों के ही चालान किए गए।
आईजी रमित शर्मा ने बुधवार शाम को बढ़ते मामलों को देखते हुए सख्ती से अभियान चलाने के आदेश दिए। उसके बाद से पुलिस ने चेकिंग तेज कर दी। गुरुवार को भी जगह-जगह पुलिस ने लोगों के चालान काटे। पुलिस की सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
