हल्द्वानी: ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट, पानी को तरसे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लोग गला तर करने को लेकर व्याकुल है मगर घरों में लगे नलों से पानी आता ही नहीं है। जनता को पेयजल आपूर्ति करने वाले जलसंस्थान के अभियंता और कर्मचारियों की लाख कोशिशों के बाद भी लोग पानी को लेकर तरस रहे हैं। गर्मी शुरु होते ही शहर से …

हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लोग गला तर करने को लेकर व्याकुल है मगर घरों में लगे नलों से पानी आता ही नहीं है। जनता को पेयजल आपूर्ति करने वाले जलसंस्थान के अभियंता और कर्मचारियों की लाख कोशिशों के बाद भी लोग पानी को लेकर तरस रहे हैं। गर्मी शुरु होते ही शहर से लगे कई ग्रामीण इलाकों में पानी का संकट गहराता जा रहा है। खराब पड़े नलकूपों की मरम्मत समय से नहीं कराए जाने के कारण लोगों को एक-एक हफ्ते तक पानी का इंतजार करना पड़ रहा है।

जलसंस्थान के अभियंता और कर्मचारियों की हीलाहवाली के चलते हिम्मतपुर तल्ला में खराब हुए नलकूप की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं कराया गया है। जिसके कारण यहां पानी का संकट बना हुआ है। तकरीबन 5 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है। गर्मी के दिनों में पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर पानी नहीं मिलने के कारण लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिष्ट घड़ा, हिम्मत पुर तल्ला और गौलापार के इलाके के नया गांव सम्मल में पानी का संकट बना हुआ है।

गौरतलब है कि किसी भी इलाके का नलकूप अगर खराब होता है तो जलसंस्थान इसकी मरम्मत कराने में कम से कम 15 दिन लगा देता है। जिसके चलते लोगों को प्राईवेट टैंकरों से पानी मंगाकर गला तर करना पड़ रहा है। हालांकि हंगामा होने पर विभागीय टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति कराई जाती है। लेकिन वहां भी भीड़ होने के कारण लोगों में पानी भरने की होड़ मच जाती है। इसके कारण कई लोग पानी भरने से रह जाते हैं।

यही हाल गौजाजाली क्षेत्र का है। यहां पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। इसी तरह बिठौरिया इलाके की जलापूर्ति भी नलकूप की मोटर खराब होने के कारण एक हफ्ते से प्रभावित है। जिसके चलते पानी को लेकर लोग परेशान हैं। जानकारी के अनुसार बिठौरिया क्षेत्र में इससे पहले इसी नलकूप का स्र्टाटर खराब हुआ था। और अब मोटर खराब हो जाने के कारण आपूर्ति बंद पड़ी हुई है। इसके कारण करीब 700 से अधिक लोगों के घरों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस बारे में जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव नलकूप की मोटर ठीककराए जाने के निर्देश दे चुके हैं। लेकिन मरम्मत के कार्य में देर लगने के कारण पेयजल संकट बना हुआ है।

 

संबंधित समाचार