मुरादाबाद: पंचायत चुनाव के लिए नामांकन आज, गाइडलाइन का करना होगा पालन
मुरादाबाद, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। पुलिस और प्रशासन ने इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी, प्रशासन सुरेंद्र सिंह के न्यायालय में नामांकन होंगे, जबकि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत …
मुरादाबाद, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। पुलिस और प्रशासन ने इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी, प्रशासन सुरेंद्र सिंह के न्यायालय में नामांकन होंगे, जबकि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए ब्लाकों में नामांकन दाखिल होंगे। जनपद के सभी ब्लाकों पर नामांकन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ बेरिकेटिंग करा दी गई है। दावेदार के साथ एक प्रस्तावक ही नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेगा। नामांकन के दौरान कोरोना संक्रमण को लेकर आई सरकार की गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन होगा।
जिला पंचायत सदस्य के 39 पदों पर चुनाव कराने की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन सुरेंद्र कुमार को दी गई है। एडीएम प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को सुबह आठ बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। जिला पंचायत के वार्ड 01 से 20 तक के नामांकन पत्र एसीएम प्रथम राजेश कुमार लेंगे। वार्ड-21 से 39 तक के नामांकन पत्र एआइजी स्टाम्प लाल चंद्र पांडेय को लेने हैं। एएसडीएम बृजेश त्रिपाठी नामांकन पत्रों की स्क्रेनिंग का काम देखेंगे। वह आयोग की बेवसाइट पर नामांकन पत्रों को फीड कराने का काम भी करेंगे।
नामांकन दाखिल करने के लिए कक्ष में दावेदार के अलावा एक ही प्रस्ताव आ सकेगा। जरूरत पड़ने पर तीसरे व्यक्ति को बुलाया जा सकता है। कलक्ट्रेट में नामांकन के लिए बेरिकेटिंग करा दी गई है। उधर, जनपद के आठों ब्लाकों में ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि सभी ब्लाकों में नामांकन की तैयारी कर ली गई हैं। मंगलवार को सुबह आठ बजे से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कोई भी प्रत्याशी भीड़ भाड़ के साथ नामांकन कराने नहीं पहुंचेगा।
