काशीपुर: कार की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत
काशीपुर, अमृत विचार। कार की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम कुंडेश्वरी निवासी जगमोहन सिंह रौतेला (64) पुत्र स्व. मनवर सिंह …
काशीपुर, अमृत विचार। कार की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम कुंडेश्वरी निवासी जगमोहन सिंह रौतेला (64) पुत्र स्व. मनवर सिंह रौतेला खेती करते हैं। मंगलवार को खेत में ट्रैक्टर से गेंहू निकल रहे थे। दोपहर में वह स्कूटी पर सवार होकर खेत पर खाना लेकर गए थे। वापस लौटते समय राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुंडेश्वरी के पास तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को एक गिरीताल स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के दौरान कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया और कार को चौकी में खड़ा कर दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक का विवाहित एक पुत्र और एक पुत्री है। पुत्र सुमित रौतेला दिल्ली स्थित एक कंपनी में काम करता है। घर पर अपनी पत्नी विमला रौतेला के साथ रहते थे। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी जा सकी।
चौकी प्रभारी दीपक कौशिक ने बताया कि दुर्घटना में कार चालक भी चोटिल हुआ। इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
