काशीपुर: दूसरी लहर में कोरोना बेकाबू, दो कोरोना संक्रमित बुजुर्गो की मौत
काशीपुर, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू होने के साथ स्थिति बदत्तर होती जा रही है। इस वर्ष पहली बार कोरोना संक्रमित दो बुजुर्ग मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। दस दिन पूर्व मोहल्ला कटोराताल निवासी 68 वर्षीय एक बुजुर्ग को गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया …
काशीपुर, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू होने के साथ स्थिति बदत्तर होती जा रही है। इस वर्ष पहली बार कोरोना संक्रमित दो बुजुर्ग मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
दस दिन पूर्व मोहल्ला कटोराताल निवासी 68 वर्षीय एक बुजुर्ग को गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोविड-19 के लक्षण दिखने पर आरटी-पीसीआर जांच की गई। जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए। 14 अप्रैल की देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं पांच अप्रैल को मोहल्ला आवास विकास निवासी 70 वर्षीय एक बुजुर्ग को भी बीमारी के चलते एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनमें भी कोविड के लक्षण दिखने पर जांच कराई गई। जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बृहस्पतिवार को उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। एक साथ दो बुजुर्गो की कोरोना से मौत होने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने दोनों मरीजों की कागजी कार्रवाई के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
निजी अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि दोनों ही मरीजों में कोविड के लक्षण पाए गए थे। जांच के बाद दोनों का इलाज चल रहा था। अस्पताल में निरंतर सैनिटाइजेशन कार्य चल रहा है। दोनों शवों के भेजने के बाद सैनिटाइज किया गया है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि रामनगर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दो बुजुर्गो की कोरोना से मौत हुई है।
