IPL 2021: KKR पर RCB पड़ी भारी, 38 रनों से बाजी मारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेन्नई। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के 204 रनों के स्कोर की पीछा करने में कोलकाता नाकामयाब रही। 20-20 ओवरों के इस मुकाबले में बेंगलुरु ने कोलकाता को 38 रनों से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते …

चेन्नई। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के 204 रनों के स्कोर की पीछा करने में कोलकाता नाकामयाब रही। 20-20 ओवरों के इस मुकाबले में बेंगलुरु ने कोलकाता को 38 रनों से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाये। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने 78 जबकि एबी डिविलियर्स ने नाबाद 76 रन बनाये।

बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही। विराट पारी के दूसरे ही ओवर में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बन गए। विराट ने छह गेंदों में पांच रन बनाये। वरुण ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर रजत पाटीदार को बोल्ड कर दिया। दो विकेट मात्र नौ रन पर गिर जाने के बावजूद मैक्सवेल ने आते ही मोर्चा संभाला और बॉउंड्री लगानी शुरू कर दी।

मैक्सवेल और देवदत्त पडिकल ने तीसरे विकेट के लिए 86 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की जिसमें पडिकल का योगदान 28 गेंदों में दो चौकों की मदद से 25 रन रहा। पडिकल का विकेट प्रसिद्ध कृष्णा ने लिया। मैक्सवेल ने फिर एबी डिविलियर्स के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। पैट कमिंस ने मैक्सवेल को हरभजन सिंह के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल ने 49 गेंदों पर 78 रन में नौ चौके और तीन छक्के लगाए।

डिविलियर्स ने अंतिम तीन ओवरों में काफी तीखे अंदाज में बल्लेबाजी की और आंद्रे रसेल के पारी के आखिरी ओवर में 21 रन उड़ाकर बेंगलुरु को 200 के पार पहुंचा दिया। डिविलियर्स ने मात्र 34 गेंदों पर नाबाद 76 रन में नौ चौके और तीन छक्के लगाए। डिविलियर्स ने पांचवें विकेट के लिए काइल जेमिसन के साथ अंतिम तीन ओवरों में 56 रन जोड़े। जेमिसन ने मात्र चार गेंदों पर नाबाद 11 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। कोलकाता की तरफ से वरुण चक्रवर्ती चार ओवर में 39 रन पर दो विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।

संबंधित समाचार