नासिक के अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक, सप्लाई बंद होने से 24 मरीजों की मौत
मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक के एक अस्पताल में भंडारण संयंत्र से लीकेज के बाद ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हो जाने की घटना में दो और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 24 हो गई है। जिले के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी सूरज मंधारे ने बताया ,” दो और मरीज जो …
मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक के एक अस्पताल में भंडारण संयंत्र से लीकेज के बाद ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हो जाने की घटना में दो और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 24 हो गई है। जिले के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी सूरज मंधारे ने बताया ,” दो और मरीज जो वेंटिलेटर पर थे, उनकी शाम को मौत हो गई। दिन में टैंक में रिसाव से आपूर्ति बंद हो जाने के कारण उन्हें उचित मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल सकी।”
अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित 150 मरीज ऑक्सीजन पर थे। ऑक्सीजन की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार के टैंकर में आक्सीजन भरी जा रही थी लेकिन टैंकर में रिसाव हो गया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि टैंकर में ऑक्सीजन भरने के कुछ देर बाद सॉकेट टूट गया जिससे गैस रिसाव शुरू हो गया।
इस घटना के तुरंत बाद नासिक नगर निगम आयुक्त कैलास जाधव, महापौर सतीश कुलकर्णी, जिलाधिकारी सूरज मंधारे, पुलिस आयुक्त दीपक पांडे, नगर निगम के पदाधिकारी और नगरसेवक घटनास्थल पर पहुंच गये। नासिक के महापौर सतीश कुलकर्णी ने कहा कि ऑक्सीजन रिसाव की पूरी जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस घटना की जांच कराने की घोषणा की है। टोपे ने कहा, ‘‘जांच पूरी हो जाने के बाद हम बाद में एक बयान जारी करेंगे।’’ टैंक से ऑक्सीजन का कथित तौर पर रिसाव होने का एक वीडियो सुबह से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुछ मृत कोरोना मरीजों के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि “ऑक्सीजन की कम आपूर्ति” के कारण ये मौतें हुयीं।
मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सीजन रिसाव की वजह से गैस आपूर्ति बाधित होने से मारे गये रोगियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। घटना पर दु:ख जताते हुए ठाकरे ने इसकी व्यापक जांच की भी घोषणा की। उन्होंने एक बयान में कहा, ”घटना में मारे गये हर शख्स के परिजन को पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मैं लोगों से अपील करता हूं कि किसी तरह की राजनीति इस पर नहीं करें।” उन्होंने कहा, ”मुझे नहीं पता कि इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों को कैसे सांत्वना दूं। हालांकि यह एक हादसा था, लेकिन इसकी पूरी तरह जांच की जाएगी।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के नासिक में एक अस्पताल में ऑक्सीजन रिसाव के कारण रोगियों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया है। मोदी ने टि्वट कर कहा , “ नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक में रिसाव के कारण हुई त्रासदी हृदय विदारक है। इसके कारण लोगों की जान जाने से क्षुब्ध हूं। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने शोक संदेश में कहा , “नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सिजन लीक होने से हुई दुर्घटना का समाचार सुन व्यथित हूं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनकी इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। बाकी सभी मरीजों की कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”
वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सजीन का रिसाव होने के बाद कई मरीजों की मौत होने की घटना पर दुख जताया और राज्य सरकार एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मुहैया कराएं। उन्होंने ट्वीट किया, ”नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में मरीजों की मौत की खबर बहुत दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।” कांग्रेस नेता ने कहा, ”मैं राज्य सरकार और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि लोगों को हर संभव मदद मुहैया कराएं।”