मुरादाबाद: बैंक में नौकरी के नाम पर जालसाज ने ठगे 45 लाख
मुरादाबाद, अमृत विचार। लकड़ी कारखाना मालिक के दोनों बेटों की बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर जालसाज ने 45 लाख की ठगी कर ली। लंबा समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो जालसाज ने बाउंस चेक थमा दिए। अब रकम देने से इंकार करने के साथ ही धमकी दे रहा है। एसएसपी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। लकड़ी कारखाना मालिक के दोनों बेटों की बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर जालसाज ने 45 लाख की ठगी कर ली। लंबा समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो जालसाज ने बाउंस चेक थमा दिए। अब रकम देने से इंकार करने के साथ ही धमकी दे रहा है। एसएसपी ने मझोला पुलिस को जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती भदौरा डबल फाटक निवासी ध्यान सिंह ने एसएसपी को आवेदन दिया। ध्यान सिंह का कहना था कि उसका मझोला थाना क्षेत्र स्थित चाऊ की बस्ती में लकड़ी का कारखाना है। इस वजह से वहां रहने वाले राजेश भारती से उसके घनिष्ठ संबंध बन गए। एक दिन राजेश ने कहा कि कारखाने में बच्चों का भविष्य नहीं है। उसके नेताओं व अफसरों से अच्छे संपर्क हैं, अगर वह चाहे तो उसके दोनों बेटों की नौकरी बैंक में लगवा सकता है। इसके एवज में उसने 45 लाख रुपए की मांग की।
ध्यान सिंह के अनुसार बेटों का भविष्य को देखते हुए उसने बैंक से लोन लेकर 45 लाख रुपए राजेश को दे दिए, जिसमें से 15 लाख उसके खाते में ट्रांसफर किए और बाकी का भुगतान चेक से किया। रकम देने के बाद काफी समय बीत गया। लेकिन राजेश ने बेटों की नौकरी नहीं लगवाई। दबाव डाला तो उसने दो चेक थमा दिए।
साथ ही आश्वासन दिया कि जब वह रकम उसके खाते में भेज देगा तो चेक वापस ले लेगा। चेक देने के बाद भी काफी समय तक भुगतान नहीं किया तो ध्यान सिंह ने बैंक में चेक लगा दिया, जो बाउंस हो गए। इसके बाद फिर ध्यान सिंह ने राजेश से तगादा किया तो पहले वह टरकाता रहा। लेकिन बाद में धमकाने लगा। मजबूर होकर ध्यान सिंह ने कटघर व मझोला पुलिस से भी शिकायत की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
