बरेली: सड़क निर्माण से शहर में जगह-जगह लगा जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। दो दिन के वीकेंड लॉकडाउन के बाद सोमवार को सड़क पर वाहन रफ्तार भरते नजर आए लेकिन वाहनों की रफ्तार पर सड़क निर्माण की वजह से ब्रेक लग गया। गांधी उद्यान के सामने सड़क निर्माण की वजह से लंबा जाम लग गया। जाम में कई बसें, कार व एंबुलेंस भी फंस गईं। इसी …

बरेली,अमृत विचार। दो दिन के वीकेंड लॉकडाउन के बाद सोमवार को सड़क पर वाहन रफ्तार भरते नजर आए लेकिन वाहनों की रफ्तार पर सड़क निर्माण की वजह से ब्रेक लग गया। गांधी उद्यान के सामने सड़क निर्माण की वजह से लंबा जाम लग गया। जाम में कई बसें, कार व एंबुलेंस भी फंस गईं। इसी तरह से सेटेलाइट फ्लाईओवर के नीचे दोनों तरफ सड़क निर्माण की वजह से वाहनों की रफ्तार मंद हो गई। अभी तक सड़क बनाने का काम रात में हो रहा था तो परेशानी नहीं हो रही थी लेकिन दिन में जगह-जगह सड़क निर्माण से समस्या खड़ी हो गई।

जाम में फंसी एंबुलेंस

गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक सड़क काफी दिनों बाद बनाई गई थी। गांधी उद्यान के सामने सड़क बनना रह गई है। सोमवार सुबह से गांधी उद्यान से रोटरी क्लब चौराहा तक सड़क बनाने का कार्य शुरू किया गया। इसके लिए चौकी की तरफ जाने वाले वाहनों को दूसरी लेन से गुजारा गया। एक ही लेन पर दोनों तरफ से वाहन गुजरने से जाम लग गया। रोटरी क्लब चौराहा पर तो एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद था लेकिन गांधी उद्यान के सामने नहीं।

इसकी वजह से बियावानी कोठी और विकास भवन की तरफ से आने वाले वाहन मनमर्जी से निकलने लगे और फिर लंबा जाम लग गया। जाम में दो सरकारी और तीन निजी एंबुलेंस भी फंस गईं। किसी तरह से सर्किट तरफ से आने वाले वाहनों को रोककर एंबुलेंस को निकाला गया। कई घंटे बाद स्थित सामान्य हो सकी। रोलर चला रहे कर्मचारी ने बताया कि उसने तो रात में ही काम करने के लिए कहा था लेकिन अधिकारी नहीं मानें और दिन में सड़क बनाना शुरू किया। इसकी वजह से जाम लग गया।

सेटेलाइट पर दिन भर लगा जाम
सेटेलाइट चौराहा पर सोमवार को दोनों तरफ वाहन रेंगते रहे। सबसे पहले श्यामगंज से आने वाले वाहनों को ईसाइयों की पुलिया पर जेसीबी लगाकर रोक दिया गया। आगे की सड़क बनायी जा रही थी। इसकी वजह से दोनों तरफ के वाहन एक ही लेन से गुजरे तो जाम लगता रहा। इधर की सड़क बनने के बाद श्यामगंज की ओर जाने वाली सड़क बनाई गई तो भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। फ्लाईओवर के नीचे काफी दिनों से सड़क बनायी जा रही है लेकिन रात में काम होने से ज्यादा दिक्कत नहीं हो रही थी।

जंक्शन रोड पर भी लगा जाम
जंक्शन रोड पर सीवर लाइन की खुदाई से वाहन जाम में फंस रहे हैं। सोमवार को भी वाहन गुजरने में काफी दिक्कत हुई, क्योंकि खुदाई की वजह से एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया है। इसके अलावा मुख्य चौराहा पर भी खुदाई की जा रही है। इसके अलावा नगर निगम के सामने भी दोबारा खुदाई से दिक्कतें शुरू हो गई हैं।

कुतुबखाना में भी हुई परेशानी
दो दिन के बाद बाजार खुलने से शहर के अन्य हिस्सों में भी जाम की स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा परेशानी कुतुबखाना बाजार में हुई, क्योंकि यहां लंबा जाम लग गया। काफी देर में वाहन गुजर सके।

संबंधित समाचार