रुद्रपुर: निरीक्षण के लिए हाई कोर्ट द्वारा भेजी गई समिति को मेडिकल कॉलेज के गेट पर दो घंटे करना पड़ा इंतजार
रुद्रपुर, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में अव्यवस्थाओं की शिकायतें लगातार मिलने पर उच्च न्यायालय द्वारा गठित की गई जिला निगरानी समिति के सदस्यों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान 2 घंटे तक कोई स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी जानकारी देने नहीं पहुंचा। ज्ञात हो कि मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में बनाए गए कोविड सेंटर …
रुद्रपुर, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में अव्यवस्थाओं की शिकायतें लगातार मिलने पर उच्च न्यायालय द्वारा गठित की गई जिला निगरानी समिति के सदस्यों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान 2 घंटे तक कोई स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी जानकारी देने नहीं पहुंचा।
ज्ञात हो कि मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में बनाए गए कोविड सेंटर में व्याप्त अव्यवस्थाओं व लापरवाही के मीडिया में रोज प्रसारित हो रहे हैं समाचार का संज्ञान लेते हुए उच्च न्यायालय, नैनीताल द्वारा गठित जिला निगरानी समिति के सदस्यों सिविल जज प्रवर खंड/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अविनाश कुमार श्रीवास्तव एवं जिला बार एसोसिएशन उधमसिंहनगर के अध्यक्ष दिवाकर पांडे सुबह मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड के गेट पर पहुँचे और वहाँ पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी को उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारियों कक बुलाने को कहा।
उसके बाद वहाँ मौजूद स्वास्थ्य कर्मी गेट के अंदर चला गया। लेकिन 2 घंटे तक वह वापस नही आया और न ही कोई स्वास्थ्य अधिकारी उनसे मिलने गेट पर आया। साथ ही उनसे मिलने के लिए उन्हें कार्यालय में बुलाया गया। इसके बाद मीडिया कर्मियों के वहाँ पहुँचने पर जानकारी देने के बाद सीएमओ डॉ. देवेन्द्र सिंह पंचपाल और एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना मौके पर पहुँचे और एक आवश्यक बैठक में व्यस्त होने का हवाला दिया।
वहीं, न्यायालय के आदेश पर सदस्यों ने कहा कि यहाँ पर कोविड सेंटर में हेल्थ डेस्क बनायी जाए और वहाँ पर एक रजिस्टर रखा जाए। जिसमें आने वाले मरीज़ों का पूर्ण विवरण अंकित किया जाए। साथ ही सुझाव दिया कि स्वास्थ्य विभाग एक ज़िम्मेदार कर्मचारी को कोरोना से संबंधित बुलेटिन जारी करने के लिए तैनात करें, जो सुबह व शाम दोनों समय मरीज़ों के तीमारदार जोकि बाहर परेशान हालत में खड़े हैं उनको मरीज़ व उसकी स्थिति के बारे में पूर्ण जानकारी दें।
इसके अलावा मरीज़ों की सूची व उनके ऑक्सीजन लेवल भर्ती की तारीख़ और वर्तमान स्थिति के बारे में पूर्ण जानकारी दी जाये। जिस पर सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने आश्वस्त किया कि वह समिति के सुझावों पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
