बरेली: कोविड प्रोटोकाल के तहत विधायक का अंतिम संस्कार
बरेली, अमृत विचार। बरेली जिले के नवाबगंज से भाजपा विधायक केसर सिंह गंगवार बुधवार को नोएडा के यथार्थ अस्पताल में कोरोना से जंग हार गये थे। देर रात उनका शव नोएडा से बरेली लाया गया। गुरुवार सुबह कोविड प्रोटोकाल के साथ पीरबहोड़ा स्थित फार्म हाउस पर विधायक का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे विशाल ने …
बरेली, अमृत विचार। बरेली जिले के नवाबगंज से भाजपा विधायक केसर सिंह गंगवार बुधवार को नोएडा के यथार्थ अस्पताल में कोरोना से जंग हार गये थे। देर रात उनका शव नोएडा से बरेली लाया गया। गुरुवार सुबह कोविड प्रोटोकाल के साथ पीरबहोड़ा स्थित फार्म हाउस पर विधायक का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे विशाल ने पीपीई किट पहनकर मुखाग्नि दी। बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियों ने शोक जाहिर किया।
नवाबगंज विधानसभा सीट से विधायक केसर सिंह को पिछले दिनों बरेली के एक निजी अस्पताल से नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ। उनकी हालत बिगड़ती चली गई और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे इलाज के दौरान अचानक उन्होंने दम तोड़ दिया।
विधायक के निधन की खबर मिलते ही पार्टी नेताओं की भीड़ जुटने लगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने घर पहुंचकर कोविड नियमों के तहत लोगों को दूर रहने की हिदायत दी। इस बीच देर रात विधायक का शव अशर्फी बैंक्वेट हॉल के पास स्थित उनके निवास पर लाया गया। यहां परिवार के सदस्यों को रोता बिलखता देख शव पीर बहोड़ा स्थित फार्म हाउस पर लाया गया।
पार्टी नेताओं के अलावा परिवार के सदस्यों और गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में उनका दाह संस्कार किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, शहर विधायक डा. अरुण कुमार, भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, भाजपा नेता गुलशन आनंद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
