मुरादाबाद में ऑक्सीजन न मिलने से तीन मरीजों की मौत, परिजनों का हंगामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आक्सीजन की कमी ने एक युवक की जान ले ली। सिलेंडर लेकर आए एक अधेड़ की भी आक्सीजन न मिलने से मौत हो गई। इस घटना से अस्पताल में खलबली मच गई। भर्ती मरीजों को आक्सीजन न मिलने से परिजन आक्रोशित हो गए। इससे पहले की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आक्सीजन की कमी ने एक युवक की जान ले ली। सिलेंडर लेकर आए एक अधेड़ की भी आक्सीजन न मिलने से मौत हो गई। इस घटना से अस्पताल में खलबली मच गई। भर्ती मरीजों को आक्सीजन न मिलने से परिजन आक्रोशित हो गए। इससे पहले की वे हंगामा करते अस्पताल में आनन फानन में 15 सिलेंडर मंगाए गए। पर स्थिति सामान्य होने में मरीजों को दो से तीन घंटे इंतजार करना पड़ा।
भर्ती मरीजों के परिजन का कहना था कि अस्पताल में कोई देखभाल नहीं हो रही है। गुरुवार की रात आक्सीजन कमी के कारण तीन ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार की सुबह साढ़े 10 बजे झब्बू का नाला निवासी युवक इमरान की मौत हो गई। बिजनौर से सिलेंडर लेकर आये अधेड़ की जान भी आक्सीजन न मिलने से हो गई। अस्पताल आने के बाद उसके पास मौजूद सिलेंडर में आक्सीजन खत्म हो गई। अस्पताल से आक्सीजन नहीं मिली तो उसे बचाया नहीं जा सका। जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में 12 व इमरजेंसी ओपीडी में दो लोग टूटती सांस से जूझ रहे थे। अस्पताल प्रशासन आक्सीजन की कमी होने की बात को नकार रहा है।
सीएमएस डा. कल्पना सिंह का कहना है कि मरीज बेहद गंभीर स्थिति में भर्ती किये गए हैं। पहले से ही इनका आक्सीजन लेवल 50 से 60 है। आईसीयू में बेड नहीं है। जिला अस्पताल में फास्ट आक्सीजन सप्लाई के संसाधन नहीं है। आक्सीजन पर्याप्त स्थिति में है। गुरुवार को दो बार मे 22 और शुक्रवार को 15 सिलेंडर आ चुके हैं। एक मरीज को आठ किलोग्राम तक आक्सीजन लग रही है। आक्सीजन की खपत बढ़ी है, आपूर्ति का प्रयास कर रहे हैं।
