हल्द्वानी: सुबह से शाम तक मोर्चरी में तैनात पुलिस के इस जवान को हर कोई कर रहा सलाम
पवन सिंह कुंवर, हल्द्वानी। कोरोना महामारी के बीच जहां लोग अपनों की ही मदद करने आगे नहीं आ रहे हैं, वहीं कुछ ऐसे योद्धा भी हैं, जो अपनी जान की परवाह किए बिना लगातार अपनी ड्यूटी कर फर्ज निभा रहे हैं। पुलिस के वॉरियर्स भी इनमें से एक हैं। ऐसे ही एक योद्धा हैं, हल्द्वानी …
पवन सिंह कुंवर, हल्द्वानी। कोरोना महामारी के बीच जहां लोग अपनों की ही मदद करने आगे नहीं आ रहे हैं, वहीं कुछ ऐसे योद्धा भी हैं, जो अपनी जान की परवाह किए बिना लगातार अपनी ड्यूटी कर फर्ज निभा रहे हैं। पुलिस के वॉरियर्स भी इनमें से एक हैं। ऐसे ही एक योद्धा हैं, हल्द्वानी की मेडिकल चौकी में कार्यकरत मनजीत सिंह सेंगर, जो एक महीने से मोर्चरी में ड्यूटी कर रहे हैं। इस दौरान वह रोजाना कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए भेज रहे हैं।
हल्द्वानी में कोरोना के कहर के बीच रोजाना 20 से अधिक मौतें हो रही हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने के डर की वजह से परिजन और रिश्तेदार भी अपने लोगों के अंतिम संस्कार करने से बच रहे हैं। कई लोग शव लेने भी नहीं पहुंच रहे। ऐसे में संक्रमित शवों के बीच ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों के धैर्य को हर कोई सलाम कर रहा है।
सिपाही मनजीत का संघर्ष
सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में सुबह 9 बजे से 5 तक तैनात सिपाही मंजीत कोरोना से मरने वाले लोगों के शव को श्मशान घाट और कब्रिस्तान भेजने का काम करते हैं। जहां महामारी में लोग अपने परिवार के शवों को उठाने में डर रहें हैं और उन्हें प्रशासन के हवाले कर दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में परिवार से दूर रहकर मंजीत लगातार अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। वह कहते हैं कि इस दौरान मानसिक तनाव को वह खुद पर हावी नहीं होने देते, हालात नाजुक हैं इसलिए हर एक व्यक्ति का सहयोग इस महामारी से निपटने के लिए जरूरी है।
