मुरादाबाद: नाबालिग को बेरहमी से पीटता रहा आरोपी, कोई नहीं आया बचाने… वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दवा लेकर लौट रही किशोरी को युवक ने बहाने से अपने स्कूटर पर बैठा लिया। बाद में घर के बजाय दूसरे रास्ते पर ले जाने लगा। इस पर किशोरी ने टोका तो आरोपी ने सुनसान गली में स्कूटर रोक उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुराचार का प्रयास करने लगा। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दवा लेकर लौट रही किशोरी को युवक ने बहाने से अपने स्कूटर पर बैठा लिया। बाद में घर के बजाय दूसरे रास्ते पर ले जाने लगा। इस पर किशोरी ने टोका तो आरोपी ने सुनसान गली में स्कूटर रोक उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुराचार का प्रयास करने लगा। नाबालिग ने विरोध किया तो आरापी ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी के साथ पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद वह फरार हो गया। सूचना पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे रेफर किया गया।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भी एनसीआर दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया। उधर सारी घटना गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। उसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की खूब फजीहत हुई। उधर पीड़िता के परिजनों ने डीआईजी से भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, तब जाकर पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। आखिरकार आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। घटना चार अप्रैल को मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार विकासनगर की है।

यहां पर रहने वाले एक व्यक्ति रेलवे में गार्ड के पद तैनात हैं। उनका कहना है कि चार अप्रैल को वह ड्यूटी पर गए थे। सुबह करीब 10 बजे उनकी 13 साल की बेटी दवा लेने मेडिकल स्टोर पर गई थी। वापस आते समय मोहल्ले में रहने वाला युवक उसे मिला। उसने घर तक छोड़ने की बात कहते हुए उसे अपने स्कूटर पर बैठा लिया। उसके बाद उसे घर ले जाने के बजाय वह उसे दूसरे रास्ते से ले जाने लगा। यह देख किशोरी ने उसे टोका तो आरोपी ने स्कूटर को एक सुनसान गली में मोड़ दिया। लाकडाउन के कारण अधिकतर लोग घरों में थे। आरोप है कि इसका फायदा उठाते हुए उसने उसके साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। इसका उसने विरोध किया तो आरोपी मारपीट पर उतर आया।

जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा
वायरल वीडियो को देख किसी भी इंसान का कलेजा मुंह को आ जाएगा। उसमें आरोपी किशोरी को बालों से पकड़ कर पहले स्कूटर पर गिराकर घूंसों से पीट रहा है। उसके बाद उसे धक्का देता है, जिससे वह दीवार से जा टकराती है। वह उसे लातों और घूंसों से पीटना शुरू कर देता है। उसकी बेरहमी यहां पर ही नहीं थमती। अब वह उसे बालों से पकड़ सड़क पर गिरा देता है। उसके बाद फिर उस पर लात-घूंसे बरसाना शुरू कर देता है और तब तक नहीं रुकता, जब तक वह बेहोश नहीं हो जाती। इसके बाद आरोपी स्कूटर लेकर फरार हो जाता है। इंसानियत किस कदर मर चुकी है, इसका भी उदाहरण यहां देखने को मिला। इस दौरान किशोरी की चीख-पुकार सुनकर भी कोई उसे बचाने घरों से बाहर नहीं आया। यह पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी में कैद हुई, जिससे वीडियो वायरल हो गया। उसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

किसी राहगीर ने पहुंचाया घर
युवती सड़क पर बेहोश पड़ी थी। हद यह कि पूरे घटनाक्रम के दौरान और उसके बाद भी कोई नाबालिग की सहायता को नहीं आया। कुछ देर बाद कोई राहगीर उधर से निकला। उसने किशोरी को पहचान लिया। वह उसे बेहोशी की हालत में ही किसी तरह उठाकर घर लाया। बेटी को इस दशा में देख परिजनों के पांव तले से जमीन खिसक गई। तत्काल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर होश आने पर पीड़िता ने सारी घटना बताई तो परिजनों ने मझोला थाने में तहरीर दी।

शिकायत पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर झाड़ लिया था पल्ला
घटना के बाद किशोरी के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। लेकिन, बताते हैं कि पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया था। जब घटना का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस की करतूत को लेकर अंगुलियां उठने लगीं। उधर उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष विशेष गुप्ता के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने भी इस पर संज्ञान लेकर तत्काल पुलिस को सख्त कार्रवाई करने को लेकर पत्र लिखा। वहीं वीडियो के आधार पर किशोरी के परिजनों ने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। इस सबके बाद पुलिस हरकत में आई।

उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष विशेष गुप्ता ने बताया कि वीडियो वायरल हुआ है, जिसे देखकर पता चलता है कि आरोपी ने किस तरह से नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की है। बताते हैं कि उसके साथ युवक द्वारा अश्लील हरकतें भी की गई थीं, जिसका विरोध करने पर किशोरी के साथ मारपीट की गई। मैंने आयोग की ओर से इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को आरोपी पर कड़ी कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।

आरोपी भी नाबालिग है। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी ने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें कीं तथा उससे दुष्कर्म का भी प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस पर आरोपी के विरुद्ध पाक्सो एक्ट के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अमित आनंद, एसपी सिटी

संबंधित समाचार