हल्द्वानी: छह ट्रांसफार्मर और 11 केवी लाइन से होगी फैब्रिकेटेड अस्पताल में बिजली सप्लाई
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में डीआरडीओ की मदद से बन रहे 500 बेड के फैब्रिकेटेड अस्पताल के निर्माण में तेजी आई है। शुक्रवार को यूपीसीएल के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति के लिए निरीक्षण किया। जल्द ही यहां कनेक्श दे दिया जाएगा। पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार प्राचार्य मेडिकल कॉलेज ने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में डीआरडीओ की मदद से बन रहे 500 बेड के फैब्रिकेटेड अस्पताल के निर्माण में तेजी आई है। शुक्रवार को यूपीसीएल के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति के लिए निरीक्षण किया। जल्द ही यहां कनेक्श दे दिया जाएगा।
पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार प्राचार्य मेडिकल कॉलेज ने अस्पताल के लिए चार एमवीए कनेक्शन की मांग की है। इस लोड के लिए अस्पताल में छह ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा तकरीबन डेढ़ किमी लंबाई तक 11 केवीए की लाइन बिछाई जाएगी। चूंकि इस अस्पताल में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसलिए इस लाइन को बरेली और रामपुर रोड दोनों से कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं करीब 2.72 करोड़ रुपये कनेक्शन चार्ज और 11 केवीए की लाइन का सवा करोड़ रुपये शुल्क है। इस तरह कुल 3.97 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को सौंप दिया गया है।
इधर, शुक्रवार को सीडीओ/कोविड-19 इंसीडेंट कमांडर नरेंद्र सिंह भंडारी ने यूपीसीएल अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रांसफार्मर लगाने, 11 केवीएन लाइन लाने, बिजली कक्ष बनाने आदि तकनीकी पहलूओं पर चर्चा की।
ईई एनएस देवेंद्र जोशी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया गया है। एस्टीमेट मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को सौंप दिया गया है। बिजली की लाइन बिछाने, ट्रांसफार्मर लगाने का काम का शुरू हो गया है। जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति की तैयारियां पूरी हो जाएंगी।
