बरेली: कोरोना से प्रभावित या अनाथ हो चुके बच्चों को चिन्हित कर मांगा विवरण
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण काल में अनाथ हुए बच्चों और इस महामारी से ग्रसित बच्चों को अब सरकार संरक्षण देगी। ऐसे बच्चों की सूची शासन ने मांगी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग इसके लिए आगे आया है। चाइल्ड लाइन, महिला हेल्पलाइन संग आम लोग भी इसकी जानकारी दे सकेंगे। कोरोना की दूसरी …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण काल में अनाथ हुए बच्चों और इस महामारी से ग्रसित बच्चों को अब सरकार संरक्षण देगी। ऐसे बच्चों की सूची शासन ने मांगी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग इसके लिए आगे आया है। चाइल्ड लाइन, महिला हेल्पलाइन संग आम लोग भी इसकी जानकारी दे सकेंगे।
कोरोना की दूसरी लहर ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। ऐसे में जिन परिवारों में कल तक किलकारियां गूंजा करतीं थीं, आज उन्हीं घरों में बच्चे गुमसुम बैठे हैं । ऐसे बच्चों के जीवन में फिर से खुशियां लाने की हरसंभव कोशिश में सरकार जुटी है। जिन बच्चों ने कोरोना के चलते अपने माता-पिता को खोया है, उनकी चिंता सरकार को है और अब ऐसे बच्चों और परिवार की पहचान कर उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने के कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
इसके अलावा ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता कोरोना को मात देने के लिए अस्पताल में भर्ती हैं या होम आइसोलेशन में हैं और बच्चे की देखभाल करने वाला परिवार में कोई नहीं है, उन बच्चों के संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जायेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी ने इसके लिए पत्र जारी किया है। जिसमें कोविड-19 से प्रभावित/अनाथ हुए 18 साल से कम उम्र के बच्चों की पहचान कर सूची तैयार करने को कहा है। यह सूची 15 मई तक निदेशक, महिला कल्याण और राज्य बाल संरक्षण आयोग को भेजनी है, जिससे ऐसे बच्चों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि सूची तैयार करने में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गठित निगरानी समितियों की मदद ली जा रही है। ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में गठित ग्राम बाल संरक्षण समितियों से भी इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोई भी इन हेल्पलाइन नंबर पर विभाग को कर सकेगा सूचित
कोरोना काल में जिन बच्चों ने अपने माता-पिता दोनों या किसी एक को खो दिया है, उनके संबंध में सूचना कोई भी व्यक्ति चाइल्ड लाइन के हेल्पलाइन नंबर-1098 या महिला हेल्पलाइन-181 पर दे सकता है। ऐसे बच्चों को चाइल्ड लाइन 24 घंटे के अंदर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करेगी। ऐसे बच्चों की सूचना राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के हेल्पलाइन- 011-23478250 पर भी दी जा सकती है।
