हल्द्वानी: मंडी में दो-चार पहिया वाहनों के प्रवेश प्रतिबंध, फुटकर में भी नहीं बिकेगी सब्जी
हल्द्वानी, अमृत विचार। नवीन मंडी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मंडी में अब फुटकर सब्जी नहीं बेचने, आढ़तियों और मंडी प्रशासन को छोड़कर दो-चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध और पहाड़ को जाने वाली सब्जी की सप्लाई दोपहर 12 बजे के बाद करने समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बन गई …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नवीन मंडी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मंडी में अब फुटकर सब्जी नहीं बेचने, आढ़तियों और मंडी प्रशासन को छोड़कर दो-चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध और पहाड़ को जाने वाली सब्जी की सप्लाई दोपहर 12 बजे के बाद करने समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बन गई है।
शनिवार को मंडी सभागार में कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए पुलिस, प्रशासन, मंडी प्रशासन और आढ़तियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में आढ़तियों ने कहा कि सब्जियां बाहर से आती हैं और पर्वतीय जिलों में सप्लाई होती हैं। स्थानीय फुटकर व्यापारी और ग्राहक भी पहुंचते हैं ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा है।
कई आढ़ती और उनके परिवार कोरोना वायरस की चपेट में भी आए हैं। इस पर एसडीएम विवेक राय ने कहा कि सख्ती और नियमों से ही इस महामारी की चेन तोड़ी जा सकती है। इसके लिए मंडी संचालन के कुछ नियम तय करने चाहिए ताकि कोरोना संक्रमण के खतरे को कम से कम किया जा सके।
इन बिंदुओं पर बनी सहमति
1-मंडी मे उत्पाद लाने वाले किसानों को सुबह आठ बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। सुबह नौ बजे तक विक्रय किए उत्पादों को ले जाना अनिवार्य होगा।
2-मंडी के पूर्वी गेट से एंट्री और पश्चिमी गेट से निकासी होगी। जो आढ़ती, खरीदार विक्रेता दोनों पर लागू होगा
3-दो-चार पहिया वाहनों पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा
4- मंडी में फुटकर व्यापार करने वालों को पुलिस-प्रशासन की मदद से बाहर किया जाएगा, फिर भी कोई मिला तो होगी कार्रवाई
5- पर्वतीय क्षेत्रों/जिलों में दोपहर 12 बजे के बाद सब्जी की आपूर्ति की जाएगी
6-मंडी में कोरोना जागरूकता संबंधी जगह-जगह बैनर पोस्टर लगाए जाएंगे व लाउडस्पीकर से देंगे संदेश
7-स्थानीय स्तर पर उत्पादित सब्जी, फल व गेहूं को मंडी में लाने, व सब्जी-राशन पहाड़ ले जाने पर प्रतिबंध नहीं होगा
8- यदि फिर भी स्थिति में सुधार नहीं होगा तो 50 प्रतिशत व्यापारियों को ही अनुमति देने पर फैसला लिया जाएगा
9-मंडी में आढ़ती-मुनीम, व्यापारियों की आवाजाही पर भी नियंत्रण के लिए नीति बनाई जाएगी
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ शांतनु पाराशर, मंडी सचिव विश्वविजय सिंह, चौकी इंचार्ज डीसी जोशी, गणेश त्रिपाठी, मंडी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी, पंकज वर्मा, पीतांबर दत्त जोशी, एनसी मठपाल, महेंद्र सिंह डंगवाल, त्रिभुवन चंद्र पांडे, त्रिलोक सिंह, कैलाश चंद्र जोशी, जीवन सिंह कार्की, चरणजीत सिंह, कन्हैया लाल सिंधी, प्रेम मदान आदि शामिल थे।
