बरेली: फेसबुक पर ऑक्सीजन की मदद का दावा, कर रहे कालाबाजारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना महामारी के बीच लोगों को मदद की जरूरत है। कई लोग इंसानियत की मिसाल पेश कर मदद का हाथ भी बढ़ा रहे हैं, लेकिन कई ऐसे भी हैं, जिन्होंने समाजसेवा का चोला ओढ़ लिया है। वह आपदा को अवसर मानकर कमाई में डटे हैं। व्हाट्सएप, फेसबुक समेत इंटरनेट मीडिया के अन्य …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना महामारी के बीच लोगों को मदद की जरूरत है। कई लोग इंसानियत की मिसाल पेश कर मदद का हाथ भी बढ़ा रहे हैं, लेकिन कई ऐसे भी हैं, जिन्होंने समाजसेवा का चोला ओढ़ लिया है। वह आपदा को अवसर मानकर कमाई में डटे हैं। व्हाट्सएप, फेसबुक समेत इंटरनेट मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाई राशन के लिए संपर्क करें, जैसे पोस्ट डालकर जरूरतमंदों को अपने जाल में फंसाकर जेब भर रहे हैं। ऐसा ही एक वायरल ऑडियो से जिले में हड़कंप मचा है। इसमें 40 हजार रुपये में सिलेंडर की कालाबाजारी करने की बात निकलकर सामने आई है। अब प्रशासन सांसों का सौदा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली दौरे पर थे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में कोविड 19 की समीक्षा मंडलीय अफसरों के साथ की थी। इसी दौरान एक न्यूज पोर्टल ने बरेली में ऑक्सीजन की चल रही किल्लत को लेकर लाइव शो टेलीकास्ट किया। इसमें ऑक्सीजन विक्रेता शहर के एक बड़े व्यापारी के रिश्तेदार पारस शारदा गुप्ता से बात हुई जो पिछले कई दिनों से फेसबुक समेत सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म पर सक्रिय है।

उसने सिलेंडर 40 हजार रुपये का बताया। सिलेंडर महंगा होने की बात कही तो ऑक्सीजन विक्रेता ने इससे कम में सिलेंडर मिलने से इंकार कर दिया। उसने अपना पता राजेंद्रनगर का बताया, जैसे ही दुकान का पता पूछा तो फोन काट दिया। इधर, रविवार को यह ऑडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। लोगों का कहना है कि खुद को समाजसेवी दिखाने के लिए जालसाज सोशल मीडिया पर अब भी सक्रिय हैं। वह लिख रहा है कि जरूरतमंद की मदद किसी भी कीमत पर रुकनी नहीं चाहिए।

कथित आडियो में बातचीत

  • फोन करने वाला-हेलो।
  • पारस शारदा गुप्ता-जी।
  • फोन करने वाला- आपके यहां गैस भर जाती है क्या।
  • पारस शारदा- हां, भरी जाती है।
  • फोन करने वाला- अभी मिल जाएगी।
  • जवाब- हां, अभी मिल जाएगी।
  • फोन करने वाला- ऑक्सीजन सिलेंडर भी मिल जाएगा क्या।
  • पारस शारदा- हां मिल जाएगा।
  • फोन करने वाला-अच्छा सिलेंडर भी मिलते हैं।
  • पारस शारदा-हां मिल जाते हैं, क्या चाहिए आपको कैन या जम्बो।
  • फोन करने वाला-कितने का है ऑक्सीजन सिलेंडर।
  • पारस शारदा- 40 हजार रुपये में मिल जाएगा।
  • फोन करने वाला-दुकान का नाम क्या है, कहां है आपकी शॉप थोड़ा आसानी हो जाती।
  • पारस शारदा-राजेंद्रनगर, बरेली।

ऑक्सीजन और दवाओं की ठगी से रहें सावधान : उर्मिला
ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लैक करने का ऑडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। औषधि निरीक्षक उर्मिला ने कोरोना महामारी के चलते ऑक्सीजन और दवाओं की ठगी को रोकने को एडवाइजरी जारी की है जिसमें कहा है कि कोविड काल की मौजूदा विकराल स्थिति का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है।

ये शरारती तत्व ऑक्सीजन की ऑनलाइन कालाबाजारी में लगे हैं और आवश्यक दवाओं को अधिक दामों पर बेच रहे हैं। लोगों से अपील की निर्धारित दामों से अधिक कीमत या आक्सीजन सिलेंडर किराये पर देने वालों की जानकारी गोपनीय रूप से दें, ताकि आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सके।

संबंधित समाचार