थाईलैंड की युवती की मौत का मामला, सपा प्रवक्ता आईपी सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज
लखनऊ। कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाली थाईलैंड की युवती पियाथेडा की मौत के मामले में लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने सपा प्रवक्ता आईपी सिंह समेत 3 लोगों के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज किया है। राज्यसभा सदस्य संजय सेठ के पीआओ की तहरीर पर सपा नेता …
लखनऊ। कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाली थाईलैंड की युवती पियाथेडा की मौत के मामले में लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने सपा प्रवक्ता आईपी सिंह समेत 3 लोगों के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज किया है। राज्यसभा सदस्य संजय सेठ के पीआओ की तहरीर पर सपा नेता समेत तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आईपी सिंह पर संजय सेठ के पुत्र का नाम थाईलैंड की युवती से जोड़ने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक सपा प्रवक्ता आईपी सिंह, महेंद्र कुरिया और रामदत्त तिवारी पर 67 आईटी एक्ट और आईपीसी 500 के तहत कार्रवाई की गई है। संजय सेठ ने लखनऊ के पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर को पत्र लिखकर सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट करने वालों पर भी कार्यवाही की मांग की थी।
https://twitter.com/IPSinghSp/status/1391262915408252934
सपा प्रवक्ता ने संजय सेठ के परिवार पर लगाया था गंभीर आरोप
गौरतलब है कि सपा प्रवक्ता आईपी सिंह ने आरोप लगाया था कि संजय सेठ के परिवार का इस मामले से संबंध है। हालांकि संजय सेठ की शिकायत के बाद लखनऊ पुलिस ने इस मामले की जांच में तेजी ला दी है। सपा के प्रवक्ता आईपी सिंह ने इस मामले में एक ट्वीट किया था जिसके बाद ही यह मामला सुर्खियों में आ गया था।
बताया जा रहा है कि पियाथेडा राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में सिनेपोलिस मॉल के पास बने एक स्पा सेंटर में काम करती थी और वह 31 मार्च को ही लखनऊ आ गई थी। उसने अप्रैल के पहले सप्ताह में स्पा सेंटर में कुछ दिन काम भी किया जिसके बाद विभूतिखंड के एक होटल में ही एक दिन रुकी। इसके बाद हुसैनगंज के एक लॉज में रुकी थी जहां पर उसके साथ नॉर्थईस्ट की कुछ लड़कियां भी थीं, जो अलग-अलग स्पा सेंटर्स में काम करती हैं।
स्पा मैनेजर से लखनऊ पुलिस कर रही है पूछताछ
विभूति खंड का यह स्पा सेंटर रायपुर के एक बिल्डर राकेश शर्मा का बताया जा रहा है और जिस सलमान का नाम अब तक इस मामले में सामने आया था वह स्पा का मैनेजर बताया जा रहा है। लखनऊ पुलिस सलमान से पूछताछ कर रही है। सलमान से पूछताछ और पासपोर्ट से यह नए खुलासे हो रहे हैं। 3 मई को पियाथेडा की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसके अवशेषों को सलमान ने थाईलैंड भेजा था।
एफआईआर दर्ज होने के बाद आईपी सिंह ने कही ये बात
वहीं इस पूरे मामले पर सपा प्रवक्ता आईपी सिंह का कहना है कि मैं इस पूरे प्रकरण पर कानूनी सलाह ले रहा हूं। अपना पक्ष जल्द सामने रखूंगा। मेरे किसी भी सवाल का जवाब पुलिस ने नहीं दिया और राजनीतिक दबाव में आकर मेरी ‘जांच करने की मांग’ पर मुक़दमा कर दिया गया? पूंजीपति के निजी सचिव को क्या अधिकार है मानहानि मुक़दमा करने का? एफआईआर फ़र्जी है।
