बरेली: कोरोना की वजह से गरीबों के सपनों के घर पर लगा ग्रहण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना ने गरीबों को सस्ते आवास के सपने पर भी ग्रहण लगा दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए को बिल्डरों के साथ मिलकर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मोड पर 2300 सस्ते मकान बनाने थे। बीडीए ने पहले चरण में 513 सस्ते आवासों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की। अगले …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना ने गरीबों को सस्ते आवास के सपने पर भी ग्रहण लगा दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए को बिल्डरों के साथ मिलकर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मोड पर 2300 सस्ते मकान बनाने थे। बीडीए ने पहले चरण में 513 सस्ते आवासों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की। अगले चरण में भी इन आवासों का आवंटन जल्द ही कराने की तैयारी थी लेकिन कोरोना की वजह से आवासों के नए निर्माण के साथ बन चुके मकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी ठहरी हुई है। ऐसे में बड़ी संख्या में गरीब ये आवास न मिल पाने से परेशान हैं।

इस योजना के तहत पीपीपी मोड पर बीडीए और बिल्डरों ने मिलकर बीसलपुर रोड, सीबीगंज और नैनीताल रोड पर मकान तैयार किए हैं। इसके लिए बीडीए ने पूर्व में पांच हजार रुपये जमा कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए थे। पंजीकरण कराने वालों की सूची का सत्यापन डूडा की टीम को करना था लेकिन सत्यापन में देरी होने की वजह से आवासों का आवंटन नहीं हो पाए थे। बाद में पहले चरण में बीसलपुर रोड पर बनाए गए 258, बेलवा में 196 और सीबीगंज में निर्मित 59 घरों के आवंटन मार्च में हो गए।

बीडीए अधिकारियों का कहना था कि जल्द ही अन्य आवासों के आवंटन के लिए भी अगले चरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बीडीए की इस तेजी के बाद लंबे समय से आवास पाने का सपना देख रहे लाभार्थियों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद जग गई थी लेकिन उसके बाद कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने के बाद बीडीए की यह महत्वपूर्ण योजना अधर में लटक गई। अधिकारियों का कहना है कि बीडीए का काफी स्टाफ संक्रमित है। ठेकेदार और लेबर भी संक्रमण के खतरे की वजह से काम नहीं कर रहे हैं।

कोरोना की वजह से लाभार्थियों का चिन्हीकरण भी प्रभावित
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए कर्ज और सब्सिडी पाने के लिए डूडा के माध्यम से रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। इसमें अब तक करीब 23 हजार लोगों के पंजीकरण हो चुके हैं। इसमें लगभग 12 हजार लोगों को आवास के लिए कर्ज और सब्सिडी की रकम जारी हो चुकी है लेकिन कोरोना के बाद से आवास लाभार्थियों के चिन्हीकरण के काम नहीं हो पा रहे हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय में कई कर्मचारियों के संक्रमित हो जाने के बाद से यहां कामकाज प्रभावित है। यहां एक कर्मचारी की संक्रमित होने के बाद मृत्यु भी हो चुकी है।

कोरोना की वजह से प्रधानमंत्री आवास योजना की सब्सिडी के लिए लाभार्थियों को चिन्हित करने का काम कोरोना की वजह से प्रभावित हुआ है। हालांकि अभी केंद्र सरकार से भी लिस्ट मांगी नहीं जा रही है। -शैलेंद्र भूषण, पीडी, डूडा

संबंधित समाचार