यूपी: नौवीं से 12 तक की ऑनलाइन कक्षाएं 20 मई से होंगी संचालित, शिक्षक करेंगे वर्क फ्रॉम होम
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित कक्षा नौ से 12 तक स्कूल कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई 20 मई से शुरू हो जायेगी। इसके साथ ही स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई 20 मई से शुरू होगी। इस संबंध में शासन की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए गये हैं। कक्षा नौ से 12 …
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित कक्षा नौ से 12 तक स्कूल कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई 20 मई से शुरू हो जायेगी। इसके साथ ही स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई 20 मई से शुरू होगी।
इस संबंध में शासन की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए गये हैं। कक्षा नौ से 12 तक पढ़ाई के लिए जानकारी देते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पाण्डेय ने बताया कि लखनऊ समेत प्रदेश भर के स्कूल कॉलेजों में आनलाइन पढ़ाई शुरू की जायेगी।
उन्होंने बताया इस संबंध में सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश भी जारी कर दिए गये हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान शिक्षक स्कूल कॉलेज नहीं जायेंगे, वर्क फॉर्म होम की अनुमति दी गयी है।
उच्च शिक्षण संस्थानों में 50 प्रतिशत जायेंगे कर्मचारी
वहीं उच्च शिक्षण संस्थानो में आनलाइन में पढ़ाई की अनुमति मिलने के बाद अब 50 प्रतिशत कर्मचारी -अधिकारी बुलाये जायेंगे। अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में समूह ख, ग और घ के कर्मचारियों को साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार 50 प्रतिशत की संख्या में ही बुलाने की अनुमति दी गई है।
महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थानों को आगामी 21 मई से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। मंगलवार को उच्च शिक्षा विभाग की बैठक में ये निर्णय लिया गया। हालांकि, परिसर में शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में कुलपति व प्रधानाचार्य निर्णय लेंगे।
ई ज्ञान गंगा और दूरदर्शन से भी होगी पढ़ाई
कक्षा नौ से 12 तक वर्चुअल स्कूल व ई-ज्ञान गंगा के माध्यम से पठन-पाठन कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने गाइड लाइंस जारी कर दी हैं। इसमें पाठ्यक्रम को तीन भागों में बांटा गया है। पहले चरण में दूरदर्शन, स्वयंप्रभा चैनल पर शिक्षकों को विषय संबंधित वीडियो लेक्चर प्रसारित किए जाएंगे। दूसरे चरण में छात्र द्वारा स्वयं अध्ययन से पाठ्यक्रम पूरा किया जाएगा।
वहीं तीसरे चरण में प्रोजेक्ट वर्क के माध्यम से पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। माध्यमिक स्कूलों में पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार वीडियो का प्रसारण व अॉनलाइन कक्षाएं से पढ़ाई होगी। प्रोजेक्ट ई-ज्ञान गंगा में दूरदर्शन और स्वयंप्रभा चैनल पर कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए लेक्चर प्रसारित होंगे।
कक्षा 10 और 12वीं के लेक्चर दूरदर्शन पर दोपहर एक से दो, दोपहर ढ़ाई से तीन, साढ़े तीन से पांच और साढ़े पांच से साढ़े छह बजे तक चलेंगी। पठन-पाठन सप्ताह में पांच दिन (सोमवार से शुक्रवार) कक्षा व विषयवार होगा। शनिवार को शिक्षक विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान वॉट्सएप व फोन द्वारा करेंगे।
पढ़ाई के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे
वहीं दूसरी ओर सभी निजी और सरकारी इंटर कॉलेजों के लिए आदेश में कहा गया है कि यदि कोई छात्र या उसके परिवार में कोविड से पीड़ित है तो उसे जबरदस्ती पढ़ाई के लिए बाध्य नहीं किया जायेगा। ऐसी अगर कोई शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जायेगी।
