यूपी में ब्लैक फंगस का कहर, मेरठ में 24 और नए मरीज मिले, लखनऊ में 4 लोगों की मौत
लखनऊ। यूपी में ब्लैक फंगस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। यहां करीब 150 मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा लखनऊ और मेरठ ब्लैक फंगस से प्रभावित है। लखनऊ में अब तक 55 और मेरठ में 52 मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो चुकी है। वाराणसी में 30 से ज्यादा मरीज सामने …
लखनऊ। यूपी में ब्लैक फंगस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। यहां करीब 150 मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा लखनऊ और मेरठ ब्लैक फंगस से प्रभावित है। लखनऊ में अब तक 55 और मेरठ में 52 मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो चुकी है। वाराणसी में 30 से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैं।
लखनऊ में केजीएमयू में 18 घंटे में चार मरीजों की सांसें थम गई। अब तक 55 मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो चुकी है। इनमें सात मरीजों की मौत हो चुकी हैं। केजीएमयू में ब्लैक फंगस के 34 मरीज भर्ती हैं।
सोमवार रात से मरीजों की मौत का सिलसिला शुरू हुआ जो मंगलवार शाम तक जारी रहा। इनमें रायबरेली निवासी 40 वर्षीय महिला, अयोध्या की 52 वर्षीय महिला और लखीमपुर खीरी निवासी 50 वर्षीय महिला की जान चली गई।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने कही ये बात
हरदोई के 37 वर्षीय पुरुष ने भी इसी बीमारी से दम तोड़ दिया। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक मंगलवार को ब्लैक फंगस पीड़ित तीन मरीजों को भर्ती किया गया है। वहीं चार मरीजों के ऑपरेशन किए गए हैं। ब्लैक फंगस को हरा चुके एक मरीज को डिस्चार्ज किया गया है।
मेरठ में 24 और केस मिले
उधर मेरठ जिले में ब्लैक फंगस (म्यूकोर माइकोसिस) से संक्रमित मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को 24 और मरीजों का पता चला है। इस बीच लोकप्रिय अस्पताल में फलावदा थाना क्षेत्र के रहने वाले ब्लैक फंगस के एक और संदिग्ध मरीज की मौत भी हो गई। अब तक जिले में भर्ती इन मरीजों की संख्या 52 पहुंच गई हैं।
इस गंभीर रोग की चपेट में आए आठ मरीजों का इलाज मेडिकल कॉलेज, पांच का आनंद अस्पताल, दो का लोकप्रिय, चार का निजी अस्पतालों के यहां और अन्य अस्पतालों में चल रहा है।
यह मरीज मेरठ के अलावा हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, गाजियाबाद, शामली और मुरादनगर आदि के रहने वाले हैं। इनमें से कुछ मरीजों को कोरोना संक्रमण भी हैं। डॉ. पुनीत भार्गव ने बताया कि उनके क्लीनिक पर चार मरीजों का इलाज चल रहा है।
