यूपी मौसम अपडेट: लखनऊ में आज हो रही झमाझम बारिश, गोरखपुर में 51 वर्ष का टूटा रिकार्ड
गोरखपुर। अरब सागर के तूफान तौकते ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम को बदल दिया है। लखनऊ और गोरखपुर में बुधवार की देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार के दिन भी जारी है। बरिश से गोरखपुर का पिछले 51 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। सड़कों पर जहां घुटने तक पानी जमा हो गया …
गोरखपुर। अरब सागर के तूफान तौकते ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम को बदल दिया है। लखनऊ और गोरखपुर में बुधवार की देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार के दिन भी जारी है।
बरिश से गोरखपुर का पिछले 51 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। सड़कों पर जहां घुटने तक पानी जमा हो गया है, वहीं कोविड अस्पतालों में तीमारदार दवा और ऑक्सीजन को लेकर परेशान हो रहे हैं।
लखनऊ में शाम को फिर से बारिश शुरू हो गई है। बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों का दावा है कि 21 मई को भी तूफान का असर दिखेगा।
बता दें कि अरब सागर में उठे तूफान के कारण देश के अलग अलग राज्यों में बारिश व तूफान देखने को मिला है। कई शहरों में बारिश अभी भी रुक-रुक हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण गोरखपुर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।
धर्मशाला अंडरपास से लेकर कलेक्ट्रेट में जलभराव से दिक्कत हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में करीब 86 मिली मीटर बारिश हुई है। इसी मई महीने में अब तक 172 मिमी बारिश हो चुकी है। वर्ष 1970 के बाद एक महीने में यह सर्वाधिक बारिश है।

11 डिग्री सेल्सियस गिरा तापमान
अधिकतम तापमान में करीब 11 डिग्री तक गिरावट आ गई है। वहीं न्यूनतम पारा भी लुढ़क गया है जिसकी वजह से रात भी ठंडी हो गई है। फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है। गोरखपुर एनवायरमेंटल एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि तूफान की वजह से गोरखपुर के ऊपर 17 मई से ही हल्के बादल छाने शुरू हो गए थे। मंगलवार से शुरू हुई बरसात अभी तक रुकने का नाम नहीं ले रही है।
