रुद्रपुर: भूतबंगला में हुए गोलीकांड में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
रुद्रपुर, अमृत विचार। भूतबंगला क्षेत्र में तीन दिन पूर्व एक युवक को मोहल्ले के ही पिता-पुत्र ने मामूली बात को लेकर गोली मार दी थी। गोली लगने से घायल युवक का एसटीएच में ईलाज चल रहा था। जहां ईलाज के दौरान गुरुवार देर रात युवक की मौत हो गयी। युवक की मौत से परिजनों व …
रुद्रपुर, अमृत विचार। भूतबंगला क्षेत्र में तीन दिन पूर्व एक युवक को मोहल्ले के ही पिता-पुत्र ने मामूली बात को लेकर गोली मार दी थी। गोली लगने से घायल युवक का एसटीएच में ईलाज चल रहा था। जहां ईलाज के दौरान गुरुवार देर रात युवक की मौत हो गयी। युवक की मौत से परिजनों व क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। जिसे देखते हुए एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वही प्रकरण में पुलिस नामजद तहरीर अनुसार मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि एक अन्य अभी फरार है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
बता दें कि 17 मई के रात भूतबंगला निवासी कमल कुमार शराब पीकर अपने पिता मदनलाल से किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहा था। जिसे देख पड़ोसी तोताराम बीच-बचाव को आ गया। इस पर कमल और तोताराम में कहासुनी हो गयी। जैसे-तैसे लोगों ने मामला शांत करवाया । इसके कुछ देर बाद तोताराम का पुत्र पवन अपने दो साथियों के साथ कमल के घर पहुंचा और कमल को बाहर बुलाकर उसके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान पवन ने कमल की गर्दन से सटाकर तमंचे से फायर कर दिया। जिससे गोली उसका जबड़ा चीरते हुए निकल गयी। उसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। घायल अवस्था में कमल को जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एसटीएच, हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया गया। गुरुवार देर रात कमल की ईलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। कमल की मृत्यु से परिजनों और क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ गया है।
जिसे देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि प्रकरण में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल लगाया गया है। पवन के पिता तोताराम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की मौत के बाद अब आरोपियों पर हत्या की धारा लगाई जाएगी। खबर लिखे जाने तक मृतक का शव घर नही पहुंचा था।
मुख्य आरोपी को पुलिस भेज चुकी है जेल
रुद्रपुर। भूतबंगला गोलीकांड में पुलिस मुख्य आरोपी पवन सहित दो लोगो को जेल भेज चुकी है। एक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य को पुलिस तलाश रही है।
गोलीकांड के 48 घंटे बाद ही पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन और मामले में संलिप्त सत्यम को रुद्रपुर के रोडवेज स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया था। जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया था। उसके दोनों को पुलिस ने जेल भेज दिया था। घायल युवक की मौत के बाद पुलिस ने घटना में संलिप्त तोताराम को भी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अन्य नामजद आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
