बरेली: कोरोना के वार से बचने को वैक्सीन ही उम्मीद, अब तक तीन लाख लोगों ने लगवाया टीका
बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी आने के साथ ही टीकाकरण ने भी रफ्तार पकड़ ली है। यही कारण है कि जिले में लक्ष्य के हिसाब से अब तक करीब 83 प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। इसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थी 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों …
बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी आने के साथ ही टीकाकरण ने भी रफ्तार पकड़ ली है। यही कारण है कि जिले में लक्ष्य के हिसाब से अब तक करीब 83 प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। इसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थी 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों से बढ़त बनाए हुए हैं।
वैक्सीनेशन को लेकर उत्साहित युवा बढ़त के इस अंतर को खत्म करने के साथ ही उनसे आगे निकलने की होड़ में हैं। नतीजतन वैक्सीनेशन के आंकड़ों में 18 वर्ष से अधिक के लाभार्थियों की संख्या महज 20 दिनों में 55 हजार के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 3.2 लाख से अधिक नागरिकों का वैक्सीनेशन हो चुका है।
जिले में 18 वर्ष व 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के आंकड़ों के अनुसार अभी तक कुल लक्ष्य के सापेक्ष 83 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है। इसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों के वैक्सीनेशन के लिए शासन की ओर से 68,420 का लक्ष्य दिया गया था। जिसमें से अब तक कुल 56,429 का लोगों का टीकाकरण हुआ है, अर्थात 82 प्रतिशत युवाओं का वैक्सीनेशन हो चुका है। वहीं, 45 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों का शासन की ओर से दिए गए 2,58,800 लक्ष्य के सापेक्ष 2,17,364 टीकाकरण हुआ है।
टीकाकरण में महिलाएं भी पीछे नहीं
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन में महिलाओं भी पीछे नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अभी तक 3,20,236 लाभर्थी हैं। इनमें पुरुष लाभार्थियों की संख्या 1,80,527 है। वहीं, महिला लाभार्थियों की संख्या 1,39,638 है। इनके अलावा वैक्सीनेशन में 71 ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि जनवरी से शुरू हुए वैक्सीनेशन में वर्तमान में अब तक करीब चार महीने में वैक्सीन की कुल 4,01,617 डोज प्रयोग हुई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुल प्रयोग हुई डोज में 90 प्रतिशत डोज कोविशील्ड वैक्सीन की है। कुल प्रयुक्त हुई डोज में 3,61,916 कोविशील्ड की और 39,701 डोज कोवैक्सीन की है।
शुक्रवार को 78 प्रतिशत युवाओं व 35 प्रतिशत बुजुर्गों का टीकाकरण
कोरोना संक्रमण को लेकर युवा जागरूक हैं। इस कारण 18 से 44 उम्र तक के लोगों का टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ गया है। युवा भी बचाव के लिए जीवनरक्षक टीका लगवाने के लिए उत्सुक दिख रहे हैं, लेकिन बुजुर्ग कम संख्या में टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। जिले में 18 से 44 साल तक के लोगों के टीकाकरण अभियान में 6500 के लक्ष्य के सापेक्ष 5809 युवा शुक्रवार को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे। केंद्रों पर थर्मल स्क्रीनिंग, सैनेटाइजेशन के बाद लोगों को टीका लगाया गया। जबकि 5000 लक्ष्य के सापेक्ष 1783 बुजुर्गों ने टीकाकरण कराया। स्वास्थ्य विभाग की सूची के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 2541 और शहरी क्षेत्रों में 3268 लोगों ने टीकाकरण कराया है।
बुजुर्ग कोरोना को लेकर जागरूक नहीं
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में 8130 लोगों में 45-59 वर्ष के 640 लोगों को पहली डोज और 33 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। 60 वर्ष से अधिक उम्र के 269 लोगों को पहली डोज व 14 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। शहरी इलाकों में 6070 लोगों में 45-59 वर्ष में से 490 लोगों को पहली डोज व 126 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। 60 वर्ष से अधिक के 141 लोगों को पहली डोज व 44 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार कोविशिल्ड के 45 वर्ष के अधिक के नागरिकों को 1553 कोविशिल्ड डोज व कोवैक्सीन की 204 डोज लगाई गई है। 18 वर्ष से अधिक के युवाओं को 4994 कोविशिल्ड व 815 कोवैक्सीन लगाई गई है।
“जिले में कोरोना टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक कराया जा रहा है। संक्रमण बढ़ने से लोग अधिक संख्या में टीकाकरण कराने आ रहे हैं।” -डॉ. आरएन सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
