लखनऊ: सिद्धार्थनाथ सिंह बोले- आपदा के वक्त प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव कर रहे घटिया राजनीति
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर आपदा के वक्त में भी घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव कोरोना संक्रमण …
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर आपदा के वक्त में भी घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है।
सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए सरकार द्वारा कराए जा रहे वैक्सीनेशन को लेकर लगातार उजुल फिजूल बयान दे रहें है। ब्लैक फंगस के इलाज को लेकर भी वह भ्रम फैला रहें हैं। जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा कोरोना से लोगों को कैसे बचाया जाए, इसके सुझावों वाले पत्र लिख कर राजनीति में अपनी खोई हुई जमीन पाने का प्रयास कर रहीं हैं।
अखिलेश यादव द्वारा दिए गए इस बयान कि सत्ता में आने पर वर्ष 2022 में सभी को फ्री में वैक्सीन लगाई जाएगी और प्रदेश में ब्लैक फंगस के इलाज में अव्यवस्थाएं छुपाए नहीं छुप रही है को लेकर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने यह प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना है कि अखिलेश यादव वैक्सीनेशन को लेकर लगातार झूठे और जनता को भ्रमित करने वाले वाले बयान दे रहे हैं। जिसके चलते पहले तो अखिलेश ने वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताया और इसके बारे में दुष्प्रचार किया। फिर उन्होंने वैक्सीनेशन के लिए नीति की बात की। इसके बाद उन्होंने वैक्सीन मुफ्त लगाने की बात कही। और अब वह कह रहें है कि सत्ता में आने पर वह वर्ष 2022 में सभी को फ्री में वैक्सीन लगवाएंगे।
सिद्धार्थनाथ सिंह कहते हैं, वास्तव में अखिलेश यादव सत्ता के सपने में इतने अंधे हो गये है कि योगी सरकार प्रदेश में लोगों को जो फ्री में वैक्सीन लगवा रही है उसे वह देख भी नही पा रहे हैं और कह रहे है की जब मेरी सरकार आएगी तो वैक्सीन फ्री में देगे।
सिद्धार्थनाथ सिंह ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र को लेकर भी उन्हें आड़े हाथों लिया है। प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कोरोना से प्रभावित मध्यम वर्ग के लिए राहत की घोषणा करने के साथ ही बिजली दर कम करने, निजी अस्पतालों व स्कूलों में खर्च निर्धारण और उन्हें राहत पैकेज देने के अलावा व्यापारियों करो में छूट देने समेत कई सुझाव दिए हैं। प्रियंका के इन सुझावों को सिद्धार्थनाथ सिंह ने हथकंडा बताया है।
उन्होंने प्रियंका गांधी से सवाल पूछा है कि कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी क्या ऐसा ही पत्र लिखा है अगर नहीं तो क्यों? सिद्धार्थनाथ सिंह ने यह सवाल भी पूछा है कि कांग्रेस ने अपने 50 साल के शासन में हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए क्या किया? इसका जवाब देना चाहिए।
