भीमताल: बाराती वाहन गिरा खाई में, दूल्हे के पिता की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भीमताल, अमृत विचार। बोहराकून में सुसाइड प्वांइट के पास देर रात एक बाराती वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना में दूल्हे के पिता की मौत हो गई। जबकि तीन बाराती घायल हुए। घायलों में दो की हालत गंभीर है। शनिवार देर रात करीब 10:50 बजे बारात में शामिल इनोवा हल्द्वानी-भीमताल रोड पर 300 …

भीमताल, अमृत विचार। बोहराकून में सुसाइड प्वांइट के पास देर रात एक बाराती वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना में दूल्हे के पिता की मौत हो गई। जबकि तीन बाराती घायल हुए। घायलों में दो की हालत गंभीर है।

शनिवार देर रात करीब 10:50 बजे बारात में शामिल इनोवा हल्द्वानी-भीमताल रोड पर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना डायल 112 के जरिये स्थानीय पुलिस को मिली। सूचना पर भीमताल एसओ रमेश सिंह बोहरा पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार चार घायलों को बाहर निकाला गया।

कार में चालक पंतनगर के नगला निवासी ललित मोहन जोशी पुत्र श्रीकृष्ण जोशी (28), लालकुआं के गांधीनगर निवासी हरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह (38), बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी नंदा बल्लभ भट्ट पुत्र माधवानंद भट्ट (53) और गणेश दत्त पुत्र टीका दत्त भट्ट (54) थे। खाई से ऊपर लाने के बाद सभी घायलों को 108 और थाने के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां, गणेश दत्त को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर हालत में ललित और हरेंद्र को सुशील तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

शादी वाले घर में पसरा मातम

शनिवार सुबह 17 एकड़ निवासी हरीश भट्ट पुत्र गणेश दत्त की बारात देवीधुरा गई थी। रात को बारात वापस लौट रही थी। तभी यह दुर्घटना हो गई। इनोवा के पीछे चल रहे बारातियों के दूसरे वाहन ने इनोवा को खाई में गिरते देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ बाराती भी खाई में उतर पड़े। कार सवार दूल्हे के पिता समेत चारों को ऊपर लाया गया। दूल्हे के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। इससे शादी वाले घर की खुशी काफूर हो गई और सगे-संबंधी और मित्रों में मातम पसर गया।

संबंधित समाचार