गोलागोकर्णनाथ: पड़ोसी की पत्नी से मांगा खाना, खत्म हो गया कहने पर कुल्हाड़ी से काट डाला
गोलागोकर्णनाथ, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालनगंज में शनिवार रात एक नशेड़ी और सनकी प्रवृति के व्यक्ति ने पड़ोसी की पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। बताते हैं कि अपराधी ने नशे की हालत में पड़ोसी की पत्नी से खाना मांगा था। खाना समाप्त होने की बात कहने पर वह आग बबूला हो गया …
गोलागोकर्णनाथ, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालनगंज में शनिवार रात एक नशेड़ी और सनकी प्रवृति के व्यक्ति ने पड़ोसी की पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। बताते हैं कि अपराधी ने नशे की हालत में पड़ोसी की पत्नी से खाना मांगा था। खाना समाप्त होने की बात कहने पर वह आग बबूला हो गया और घर चला गया कुछ देर बाद कुल्हाड़ी लेकर आया और उसने सिर में कुल्हाड़ी मार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम लालनगंज निवासी मुख्तार अली पुत्र स्वर्गीय सकरुल्ला ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उसके यहां विगत 17 तारीख को लड़के की शादी थी। दो दिन बाद दावत थी। दावत के दूसरे दिन हत्यारोपी पड़ोसी संजय उसके घर गया और उसकी पत्नी नगीना से पैसों की मांग की। नगीना ने 20 रुपये देकर कहा जाओ खर्च कर लो।
उसने कहा 20 रुपये नहीं 20 हजार चाहिए। बताते हैं कि इतना कहकर संजय चला गया। उसी रात नशे की हालत में वापस लौटा और नगीना से खाना मांगा। नगीना ने कहा खाना खत्म हो गया है। इस पर वह आगबबूला होकर चला गया। उसी रात करीब 11 बजे संजय कुल्हाड़ी लेकर उसके घर में घुसा और नगीना के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करने लगा।
मुख्तार का कहना है कि वह सब पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनकर जाग गए थे। तहरीर में कहा है कि वह और उसकी साली सकीना निवासी परसदहा ने घटनाक्रम देखा परंतु दहशत के मारे कुछ बोल नहीं पाए । संजय उसकी पत्नी को मारकर घसीट कर घर के बाहर ले गया और बांसों के झुरमुट के पास बने गड्ढे में उसको डाल दिया। मुख्तार का कहना है कि रात भर वह लोग दहशत के कारण घर से बाहर नहीं निकले। सुबह गोला पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने हत्यारोपी संजय को गिरफ्तार करके आला कत्ल बरामद कर लिया है। इस घटना से गांव में दहशत है।
