बरेली: कोविड से घर के मुखिया की मौत, घर में पड़े खाने के लाले
बरेली, अमृत विचार। कोरोना महामारी की चपेट में आकर इज्जतनगर के डिफेंस कॉलोनी निवासी हरमोहन सिंह की मौत हो गई। घर के मुखिया की मौत के बाद परिवार को खाने के भी लाले पड़ गए। परिवार में मौजूद पत्नी और दो बच्चों ने चाइल्ड लाइन की टीम से मदद मांगी तो मदद मुहैया हो सकी। …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना महामारी की चपेट में आकर इज्जतनगर के डिफेंस कॉलोनी निवासी हरमोहन सिंह की मौत हो गई। घर के मुखिया की मौत के बाद परिवार को खाने के भी लाले पड़ गए। परिवार में मौजूद पत्नी और दो बच्चों ने चाइल्ड लाइन की टीम से मदद मांगी तो मदद मुहैया हो सकी।
हरमोहन सिलाई का काम करते थे। पत्नी प्रेमजीत कौर ने बताया कि लाकडाउन में काम बंद थे। इसलिए कोई कमाई नहीं हुई। बाद में वह बीमार पड़ गए। सेविंग उनके इलाज में खर्च हो गई। फिर भी उनकी जान नहीं बच सकी। उनकी मौत के बाद हालात यह हो गए कि दो बच्चों को पालना तक मुश्किल हो गया। घर में न राशन था और न ही खरीदने के लिए पैसे। मजबूरी में प्रेमजीत ने चाइल्ड लाइन के हेल्पलाइन नंबर 1098 पर फोन किया और मदद मांगी।
चाइल्ड लाइन के डायरेक्टर अनीस अहमद की देखरेख में टीम से सौरभ व रिया डिफेंस कॉलोनी पहुंचे और परिजनों को राशन दिया। चाइल्ड लाइन का कहना है कि अब परिवार को कोविड-19 संबंधित योजना से भी जोड़ा जाएगा जिससे भविष्य में भी उनकी मदद की जा सके।
