राजनीतिक रणनीति साधने के लिए जिलों के दौरे पर निकले हैं सीएम योगी: अखिलेश
लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ और पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर निकले हैं। इस बीच अखिलेश यादव ने उनके दौरों को लेकर निशाना साधा है। अखिलेश ने तंज करते कहा कि मुख्यमंत्री दरअसल राजनीतिक रणनीति साधने के लिए दौरे कर रहे …
लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ और पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर निकले हैं। इस बीच अखिलेश यादव ने उनके दौरों को लेकर निशाना साधा है। अखिलेश ने तंज करते कहा कि मुख्यमंत्री दरअसल राजनीतिक रणनीति साधने के लिए दौरे कर रहे हैं।
यह बात समझ लें कि जब उनकी सरकार ने कोई काम ही नहीं किया है तो उनके दौरों से पीड़ितों को कौन सी सुविधा मिल जाएगी? हां, उनके दौरों से संक्रमितों की सेवा में लगे चिकित्सकों और दूसरे स्वास्थ्य कर्मियों को उनकी हाजिरी में लग जाने से परेशान जरूर होना पड़ता है।
अब तो टीके की कमी की भी खबरें आने लगी हैं: अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि जब अब तक टीके की 35 लाख ही दूसरी खुराकें लगी हैं तो दीवाली तक सबके टीकाकरण के दावों का क्या होगा? अब तो टीके की कमी की भी खबरें आने लगी हैं। बड़ी संख्या में नौजवान, बुजुर्ग अस्पतालों में जाते हैं और निराश लौट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि खुद बिगड़ते हालात पर नजर रखकर उन्हें सुधारने में समय देने के बजाय मुख्यमंत्री मैराथन दौरे पर हैं, जिनका औचित्य क्या हो सकता है, सिवाय सरकारी संसाधनों और समय के दुरुपयोग के? दरअसल वह व्यवस्था में सुधार के लिए नहीं बल्कि राजनीतिक रणनीति साधने के लिए दौरे कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि राजधानी के ही चिनहट स्थित अमराई गांव में 50 लोगों की मौत हो गई। वहां भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका है। हापुड़ जिले के दौताई गढ़मुक्तेश्वर गांव में 35 लोगों की मौत हो गई। फतेहपुर के ललौली गांव में 100 लोगों की जान चली गई, मगर सरकार ने संज्ञान तक नहीं लिया।
