मुरादाबाद : दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला से कुकर्म, पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में नकदी व बुलेट की मांग पूरी न होने पर पति ने महिला के साथ कई बार कुकर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। मायके वालों ने समझाने का प्रयास किया तो तलाक की धमकी देकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि अब पुलिस से शिकायत …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में नकदी व बुलेट की मांग पूरी न होने पर पति ने महिला के साथ कई बार कुकर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। मायके वालों ने समझाने का प्रयास किया तो तलाक की धमकी देकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि अब पुलिस से शिकायत करने पर वह जान से मारने की धमकी दे रहा है। हार कर पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने महिला थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली महिला ने सोमवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। उसके अनुसार उसका निकाह 20 दिसंबर 2019 को कोतवाली क्षेत्र के बाड़ा शाह निवासी मोहम्मद शारिक के साथ हुआ था। निकाह के वक्त मायके वालों ने पर्याप्त दहेज दिया था। आरोप लगाया है कि कुछ समय बाद ही ससुराली दहेज में डेढ़ लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग करने लगे। इनकार करने पर पति समेत अन्य ससुरालियों ने उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पति ने कई बार उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। विरोध करने पर मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी देता है। महिला ने मायके वालों से शिकायत की तो मारपीट करने के साथ ही तलाक की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया। वर्तमान में वह मायके में रह रही है, इसके बाद भी ससुराली उसका उत्पीड़न कर रहे हैं।
