बदायूं: चुनावी रंजिश में चलीं गोलियां, नवनिर्वाचित प्रधान ने हारे प्रत्याशी पर की फायरिंग, तीन घायल
दहगवां, अमृत विचार। चुनावी रंजिश को लेकर नवनिर्वाचित प्रधान और हारे हुए प्रत्याशी में जमकर बवाल हुआ। नवनिर्वाचित प्रधान ने अपने पुत्र के साथ फायरिंग कर दी। घटना में हारे हुए प्रत्याशी समेत तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस फोर्स गांव में पहुंच …
दहगवां, अमृत विचार। चुनावी रंजिश को लेकर नवनिर्वाचित प्रधान और हारे हुए प्रत्याशी में जमकर बवाल हुआ। नवनिर्वाचित प्रधान ने अपने पुत्र के साथ फायरिंग कर दी। घटना में हारे हुए प्रत्याशी समेत तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस फोर्स गांव में पहुंच गया। आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव भोगाजीत नगरिया में नवनिर्वाचित प्रधान वीर सिंह के समर्थकों को एक दिन पहले हारे हुए प्रत्याशी राजेंद्र के लोगों ने घेर लिया था। इसी बात की रंजिश को लेकर बुधवार शाम खेत पर काम कर रहे राजेंद्र पर प्रधान ने अपने पुत्र टैनी के साथ हमला बोल दिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
बाद में नवनिर्वाचित प्रधान और उसके पुत्र ने फायरिंग कर दी। जिसमें हारे हुए प्रत्याशी राजेंद्र के पेट में गोली लगी। जबकि उनके परिवार की नेमवती पत्नी देशराज के सिर और पुष्पेंद्र पुत्र बहादुर के पैर में गोली लगी। अचानक हुई घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। फायरिंग की घटना से गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई। इंस्पेक्टर जरीफनगर प्रेमपाल वाष्णेर्य ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही हैं।
