हल्द्वानी: बंदी की हालत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। उप कारागार के एक बंदी की हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चुरी भेज दिया है। नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से मजिस्ट्रेट की तैनाती की मांग की है। पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी भी होगी। जेल …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उप कारागार के एक बंदी की हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चुरी भेज दिया है। नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से मजिस्ट्रेट की तैनाती की मांग की है। पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी भी होगी।
जेल में बंद काशीपुर के मोहल्ला अल्लीखां निवासी शहादत अली (37) पुत्र रिफाकत की गुरुवार रात हालत बिगड़ गई। प्राथमिक इलाज के साथ एंबुलेंस से बेस अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार आधी रात के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल अधीक्षक सतीश सुखीजा के अनुसार शहादत को स्मैक तस्करी के मामले में दो अन्य आरोपी दंपति फरजाना और अमीर अहमद के साथ 26 मई को यहां दाखिल किया गया था।
इससे पहले पुलिस ने 25 मई को तीनों को स्मैक समेत गिरफ्तार किया था। अधीक्षक ने बताया कि गुरुवार रात भोजन के बाद पेट दर्द की शिकायत के साथ उसकी हालत बिगड़ी। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि विधिक कार्रवाई के लिए नगर मजिस्ट्रेट को सूचना दे दी है। उधर, काशीपुर में शहादत की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक चार भाई थे। शहादत सबसे छोटा था। एक बड़े भाई और पिता की पहले मौत हो चुकी है। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक की कबाड़ की दुकान है, जो कुछ समय से बंद है। अत्यधिक शराब पीने के चलते उसका लीवर खराब हो गया था। उसका इलाज चल रहा था। मृतक पत्नी और बच्चों के साथ गंगे बाबा रोड में अलग मकान में रह रहा था। पास ही स्मैक के साथ पकड़े गए दंपति का मकान है। इसके चलते वह इस दंपति के संपर्क में आया था। विवाद के चलते एक साल पहले पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
