मुरादाबाद : छात्र को अगवा कर हत्या की कोशिश, एक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दोस्त के घर आए इंटर के छात्र का कार सवार लोगों ने अपहरण कर लिया। कांठ थाना क्षेत्र में ले जाकर उसे पेड़ से बांधकर बेहरमी से पीटा। किसी तरह उनके चुंगल से छूटकर छात्र ने एक घर में छिपकर जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस व छात्र के परिजन भी मौके …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दोस्त के घर आए इंटर के छात्र का कार सवार लोगों ने अपहरण कर लिया। कांठ थाना क्षेत्र में ले जाकर उसे पेड़ से बांधकर बेहरमी से पीटा। किसी तरह उनके चुंगल से छूटकर छात्र ने एक घर में छिपकर जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस व छात्र के परिजन भी मौके पर आ गए। सिविल लाइंस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को वारदात में प्रयुक्त कार समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का चालान कर दिया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले को पुराने विवाद से जोड़कर चल रही है।

अपहरण की घटना शुक्रवार को देर शाम सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। बिजनौर के थाना नूरपुर के ग्राम अब्दुल्लापुर दहना दिवासी मंदीप (18) इंटर मीडिएट का छात्र है। उसकी दोस्ती सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अवंतिका कॉलोनी निवासी लवकुश से है। उसके अनुसार लवकुश पर डेयरी के करीब 7200 रुपये थे। उससे बात होने के बाद वह रुपये लेने के लिए गुरुवार को मुरादाबाद आया।

उसके अनुसार अवंतिका कालोनी के पास उसे बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र के ग्राम पितुपुरा निवासी सुमित व कांठ के बेगपुरा निवासी वीरू व एक अन्य युवक कार में बैठे मिले। आरोप है कि उसे देखते ही दोनों ने चालक के साथ मिलकर उसे खींचकर कार में डाल लिया। उसके बाद कार लेकर वे कांठ की ओर चल दिए। रास्ते में उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो सभी ने धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि कांठ क्षेत्र में एक खेत के पास तीनों ने उसे कार से उतारकर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद चालक कार लेकर चला गया। आरोप है कि तीनों ने उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा।

आरोपियों की मंशा भांप भाग निकला मनदीप
मनदीप के अनुसार इसके बाद तीनों उसे एक पानी की टंकी के पास ले गए और हत्या करने की योजना बनाने लगे। इस पर किसी तरह उनके चुंगल से छूटकर उसने दौड़ लगा दी। भागते हुए वह ग्राम भीसरीपुर पहुंचा और वहां पर सत्यपाल राणा के घर में घुसकर जान बचाई। सत्यपाल को जब पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी। इस पर वे वहां आए और उसे लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे तथा मामले की जानकारी दी।

रंजिश के कारण किया हत्या का प्रयास
परिजनों का कहना था कि सुमित और वीरू से उनकी पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश के कारण उन्होंने मनदीप का अपहरण कर हत्या का प्रयास किया। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आनन-फान में कार चालक बिजनौर के नूरपुर निवासी ब्रजेंद्र को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली। थाना प्रभारी सहंसवीर सिंह के अनुसार आरोपी का चालान कर दिया गया है। अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार