हल्द्वानी: कांग्रेस का महंगाई व लचर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हल्ला बोल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार।  कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी और राज्य में लचर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक दिनी उपवास व धरना कर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के  नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को बुद्धपार्क में इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन …

हल्द्वानी, अमृत विचार।  कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी और राज्य में लचर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक दिनी उपवास व धरना कर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के  नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को बुद्धपार्क में इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार कोविड-19 महामारी प्रबंधन में विफल रही है। सांसद व विधायकों की जारी निधि का समय से सदुपयोग नहीं किया जा सका। लोगों को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिली इसकी वजह से लोगों को जान गंवानी पड़ी। इतने लंबे राजनैतिक जीवन में कभी शवों की इतनी दुर्दशा होते नहीं देखी जितनी इस समय हो रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कोविड-19 महामारी तो दूसरी तरफ महंगाई से लोग परेशान हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं तो सरसों का तेल भी 200 रुपये पार पहुंच गया है। लोग महंगाई की मार के बोझ से दब गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य ललित जोशी ने कहा कि वर्तमान में होटल, रेस्टोरेंट व घरों में काम करने वाले, फड़, रेहड़ी, खोखे और छोटे व्यापारी पूरी तरह चौपट हो गए हैं और केंद्र व राज्य सरकारों को राजनीति की सूझ रही है। सरकारें अपने राजनैतिक लाभ के लिए जनता का जान, माल से नुकसान करने में बाज नहीं आ रही है इसके विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन है। जल्द ही सड़क पर उतरकर आक्रोश जताया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफत वाली तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सुमित हृदयेश, राहुल छिमवाल, सुमित हृदयेश, गुरप्रीत सिंह प्रिंस, मयंक भट्ट, गोविंद बिष्ट आदि मौजूद थे।

इधर प्रदेश महासचिव महेश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस ग्रामीण ने ब्लॉक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। महेश शर्मा ने कहा कि बाजार में जीवन रक्षक दवाओं व जरूरी सामान की कालाबाजारी हो रही है। मरीज, तीमारदार दर दर की ठोंकरे खाने का मजबूर हैं। सरकारी मंत्री व अफसरशाही वीआईपी कल्चर में मीडिया की सुर्खियां बटोरने में लगी हुई है। संजय बिष्ट ने कहा कि डबल इंजन सरकार की हर मोर्चे पर विफल  रही है। इस दौरान बानू बिष्ट, पूरन खनी, देवेंद्र बिष्ट, भुवन तिवारी, हरभजन सिंह, उमेश बधानी, भानू पडलिया, ओपी पाल, खीमानंद शर्मा, बलदेव सिंह, दयानंद प्रधान आदि शामिल थे।

उधर काठगोदाम ब्लॉक कांग्रेस ने शीशमहल में धरना देकर केंद्र व राज्य सरकार का विरोध जताया। अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों को आमजन से कोई सरोकार नहीं है। बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और प्रवासियों के लिए कोई रणनीति नहीं होने से लोग परेशान हैं। इस दौरान हरक सिंह भंडारी, भुवन जोशी, भास्कर कांडपाल आदि मौजूद थे।

 

 

संबंधित समाचार