बनबसा: सीमा पर हो रही तस्करी, 40 का पव्वा 72 की खुकरी
नवीन जोशी, बनबसा। कोविड कर्फ्यू के दौरान नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आवाजाही पूरी तरह बंद है, लेकिन मादक पदार्थों की तस्करी बदस्तूर जारी है। स्थिति यह है कि सीमांत क्षेत्रों के बाजार में नेपाली सिगरेट खुकुरी और नेपाली शराब धड़ल्ले से खरीदी और बेची जा रही है। नेपाली शराब की तो तस्कर होम डिलीवरी …
नवीन जोशी, बनबसा। कोविड कर्फ्यू के दौरान नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आवाजाही पूरी तरह बंद है, लेकिन मादक पदार्थों की तस्करी बदस्तूर जारी है। स्थिति यह है कि सीमांत क्षेत्रों के बाजार में नेपाली सिगरेट खुकुरी और नेपाली शराब धड़ल्ले से खरीदी और बेची जा रही है। नेपाली शराब की तो तस्कर होम डिलीवरी तक कर रहे हैं।
चंपावत जिले का बनबसा कस्बा एक तरफ नेपाल तो दूसरी तरफ ऊधम सिंह नगर की सीमा से लगा हुआ है। नेपाल सीमा की सुरक्षा का जिम्मा एसएसबी के पास है, जिसके जवान नियमित रूप से सीमा क्षेत्र में गश्त भी करते हैं, जबकि पुलिस भी सीमा को लेकर खासी अलर्ट रहती है। इधर, कोविड-19 की वजह से अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह से नेपाल सीमा पर आवाजाही पूरी तरह बंद है।
सिर्फ जरूरी काम से आने-जाने वालों को ही छूट दी जा रही है। लगभग एक माह से अधिक समय तक सारी गतिविधियां ठप पड़ी हैं, लेकिन मादक पदार्थों की तस्करी बदस्तूर जारी है, इसमें नेपाली सिगरेट खुकुरी और नेपाली शराब की तस्करी प्रमुख है। बताया जाता है कि सीमा क्षेत्र में तस्करों के ग्रुप सक्रिय हैं, जिन्होंने बनबसा के गढ़ीगोठ के जंगलों, बेलबंदगोठ, धनुषपुल, भैंसाझाला, खटीमा के मेलाघाट जैसे कुछ अन्य स्थानों से अवैध रास्ते बना रखे हैं, जहां से वह मादक पदार्थों को भारतीय सीमा क्षेत्र में पहुंचाते हैं और यहां से भारतीय तस्कर उन्हें गंतव्य तक पहुंचाते हैं।
सूत्र बताते हैं कि तस्कर सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों की गतिविधियों पर भी नजर रखते हैं, जहां पर एसएसबी की गश्त नहीं होती, तस्कर उन स्थानों से तस्करी को अंजाम देते हैं। वहीं, जो खुकुरी सिगरेट का एक डिब्बा पहले 58 रुपये का बिकता था, वह वर्तमान में 72 रुपये में बिक रहा है, जबकि 20 रुपये का नेपाली शराब का एक पव्वा भारतीय क्षेत्र में 30 से 40 रुपये में बिक रहा है।
इतना ही नहीं भारतीय सीमा क्षेत्र से चीनी, तेल, सरिया, सीमेंट, रसायनिक खाद की नेपाल के लिए तस्करी धड़ल्ले से हो रही है।
हालांकि, 16 मई को बनबसा पुलिस ने बमनपुरी निवासी एक तस्कर को 33 पाउच नेपाल शराब के साथ पकड़ा है, जबकि टनकपुर पुलिस ने 31 मई को चेकिंग के दौरान टनकपुर निवासी एक तस्कर को 12 पाउच नेपाली कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया था। बावजूद इसके तस्कर पुलिस और एसएसबी को गच्चा देकर तस्करी को बखूबी अंजाम दे रहे हैं।
सीमा पर एसएसबी नियमित रूप से गश्त करती है, जबकि पुलिस भी समय-समय पर सीमा क्षेत्र में गश्त करती रहती है। शराब समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले काफी लोगों को पुलिस सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। बनबसा पुलिस को इस बाबत खास निर्देश दिए गए हैं वह सीमा क्षेत्र पर चेकिंग अभियान चलाने के साथ ही संदिग्धों पर भी नजर रखें। सीमांत क्षेत्र की जनता से भी अपील है कि वह किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। -अविनाश वर्मा, सीओ
