बरेली: केंद्रीय मंत्री और मेयर ने गांधी उद्यान में किया पौधरोपण
बरेली, अमृत विचार। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मंडलायुक्त आर रमेश कुमार, मेयर डा. उमेश गौतम, नगरायुक्त अभिषेक आनंद, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान सहित तमाम अधिकारियों ने गांधी उद्यान में पौधारोपण किया। पर्यावारण अभियंता ने बताया कि कार्यक्रम के तहत गांधी उद्यान सहित तमाम पार्कों में विश्व पर्यावरण दिवस के …
बरेली, अमृत विचार। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मंडलायुक्त आर रमेश कुमार, मेयर डा. उमेश गौतम, नगरायुक्त अभिषेक आनंद, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान सहित तमाम अधिकारियों ने गांधी उद्यान में पौधारोपण किया।
पर्यावारण अभियंता ने बताया कि कार्यक्रम के तहत गांधी उद्यान सहित तमाम पार्कों में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पौधारोपण कार्यक्रम हुए। नगर निगम के अधिकारियों ने पांच पौधे लगाकर दूसरों को जागरूक किया। इस मौके पर कर निर्धारण अधिकारी ललतेश कुमार सक्सेना, विपिन कुलदीप, मनोज गुप्ता सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
डीएफओ और जिलाधिकारी ने किया पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जिलाधिकारी नितीश कुमार के नेतृत्व में कैंट स्थित संतमणि मंदिर परिसर छावनी क्षेत्र में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अमरूद का पौधा रोपा। जिलाधिकारी ने 10 हेक्टेयर में फैले गिरिजाघर वृक्षारोपण क्षेत्र का निरीक्षण किया। बरेली वन विभाग ने प्रत्येक विभागीय कार्यालयों एवं रेंज क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस मनाते हुए 175 पौधे रोपित किए। संतमणि पौधशाला में वृक्षा रोपण के दौरान डीएफओ भरत लाल, वन रेंजर सदर वैभव चौधरी भी मौजूद रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने डोहरा रोड चौड़ीकरण का निरीक्षण किया और पर्यावरण को बचाने की तरजीह देते हुए चौड़ीकरण में आने वाले वृक्षों को काटने की जगह इन्हे दूसरी जगह प्रतिरोपित करने के निर्देश दिए।

कोरोना त्रासदी समाप्त होने पर पर्यावरण संबंधी चुनौती आएंगी सामने
पर्यावरण हितों की रक्षा हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण और मानव जीवन एक दूसरे पर निर्भर हैं और मनुष्य को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करना होगा। यह बातें महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित वेबीनार में कहीं। इस दौरान कुलपति ने परिसर में पौधारोपण भी किया। कुलपति ने कहा कि हमें अपने गांव, प्रदेश और देश को स्वच्छ सुंदर बनाने के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना 19 त्रासदी का जब अंत होगा तो हमारे सामने बहुत सारी पर्यावरण से संबंधित समस्याएं चुनौती बनकर खड़ी होंगी।

शायर प्रोफेसर वसीम बरेलवी ने लगाया पौधा
मानव सेवा क्लब के संरक्षक और शायर प्रो.वसीम बरेलवी ने तुलसी का पौधा लगाकर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। मानव सेवा क्लब के घर- घर पौधे लगाने के अभियान के तहत 100 से ज्यादा सदस्यों ने अपने अपने घर में पौधे लगाए। पर्यावरण पर एक वेबिनार का भी आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता शिक्षाविद प्रो.एन. एल.शर्मा ने की।

