बरेली: विवि में महिला ग्राम प्रधानों को दिया जाए विकास का प्रशिक्षण- राज्यपाल
बरेली, अमृत विचार। नवनिर्वाचित महिला ग्राम प्रधानों को गांव के चहुमुखी विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र में दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कुलपति को निर्देश दिए कि सभी …
बरेली, अमृत विचार। नवनिर्वाचित महिला ग्राम प्रधानों को गांव के चहुमुखी विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र में दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कुलपति को निर्देश दिए कि सभी शिक्षकों व स्टॉफ और उनके परिजनों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए। इसके साथ ही आसपास के गांवों में टीकाकरण के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर कर उन्हे टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
राज्यपाल ने राजभवन से कुलपति से कहा कि वर्तमान में पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में महिला प्रधान निर्वाचित हुईं है। उनको विश्वविद्यालय से जोड़ें और प्रशिक्षण के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की उन्हे जानकारी दें। उन्हें ग्राम सभा के विभिन्न कार्यों जैसे टीकाकरण, शिक्षा, पोषण, स्वावलंबन, स्वच्छता जैसे कार्यों के लिये प्रेरित करें ताकि वे अपनी ग्राम सभा का चहुमुखी विकास कर सकें।
राज्यपाल ने महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ ऑडिट आपत्तियों, शैक्षणिक पदों पर भर्ती में पूर्ण पारदर्शिता, विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों, शैक्षणिक उपाधियों का समयबद्ध वितरण, नयी शिक्षा नीति तथा विश्वविद्यालयों में अकादमिक सत्र शुरू किये जाने के सम्बंध में विस्तृत चर्चा की तथा निर्देश दिये की सभी कार्य नियमानुसार पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ किये जाए।
उन्होंने कहा कि आगामी वन महोत्सव तथा योग दिवस की तैयारियां अभी से शुरू कर दें ताकि पौधारोपण के लिये पौधों की भी व्यवस्था समय से सुनिश्चित हो सके और लक्ष्य को पूरा किया जा सके। इस काम के लिए विश्वविद्यालय अपने से सम्बद्ध महाविद्यालय को भी निर्देशित कर दें। इसके अलावा राज्यपाल ने अकाउंट के काम को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं।
नई शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला विवि
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति ने समीक्षा बैठक के दौरान राज्यपाल को बताया कि रुविवि नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला पहला विश्वविद्यालय है। इसको लेकर तैयारियां तेज चल रही हैं। महिला अध्ययन केंद्र किस तरह से कार्य कर रहा है, इसकी रिपोर्ट भी उन्होंने पेश की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में कोई भी अवैध रूप से नहीं रह रहा है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं और आगामी प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय से बैठक में कुलसचिव डा. सुनीता पांडेय व अन्य मौजूद रहे।
