बरेली: सप्ताहभर में जारी हो सकता है परीक्षा कार्यक्रम
बरेली, अमृत विचार। शासन ने स्नातक व स्नातकोत्तर की परीक्षाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा का स्वरूप भी निर्धारित किया है लेकिन इसका निर्णय विश्वविद्यालय को लेना है। प्रश्नपत्र में सिर्फ बहुविकल्पीय प्रश्न ही होंगे या फिर विस्तृत उत्तरीय प्रश्नों को शामिल किया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही परीक्षा समिति की …
बरेली, अमृत विचार। शासन ने स्नातक व स्नातकोत्तर की परीक्षाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा का स्वरूप भी निर्धारित किया है लेकिन इसका निर्णय विश्वविद्यालय को लेना है। प्रश्नपत्र में सिर्फ बहुविकल्पीय प्रश्न ही होंगे या फिर विस्तृत उत्तरीय प्रश्नों को शामिल किया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही परीक्षा समिति की बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। परीक्षा समिति की बैठक के बाद परीक्षा का स्वरूप और परीक्षा कार्यक्रम 18 जून तक भेज दिया जाएगा। कुलपति प्रो. केपी सिंह का कहना है कि शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ही परीक्षा का स्वरूप रखा जाएगा।
शासन के दिशा-निर्देशों के तहत परीक्षा का समय डेढ़ घंटे से अधिक नहीं होगा। इतने कम समय में बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र को ही हल करना छात्रों के लिए आसान होगा, क्योंकि विस्तृत उत्तरीय प्रश्नों को हल करने में अधिक समय चाहिए। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अभी तक प्रश्नपत्र तीन घंटे का ही होता था।
पिछली बार कोरोना के हालात को देखते हुए छात्रों को दो घंटे का समय दिया गया था लेकिन उसमें प्रश्नों की संख्या कम की गई थी। ऐसा पहली बार होगा जब छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए सिर्फ डेढ़ घंटे का ही समय दिया जाएगा। अभी तक प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इतना कम समय नहीं दिया गया है।
विश्वविद्यालय को बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र तैयार कराने के लिए ओएमआर सीट भी तैयार करानी होंगी। ऐसे में छात्रों को परीक्षा देने के लिए पूरी तैयारी करनी होगी जिन छात्रों ने पाठ्यक्रम की पढ़ाई पूरी नहीं की, उन्हें काफी परेशानी होगी। सबसे ज्यादा दिक्कत व्यक्तिगत फॉर्म भरकर परीक्षा देने वाले छात्रों को होगी, क्योंकि अधिकांश छात्र अंतिम समय में गाइड या फिर गेस पेपर के जरिए तैयारी कर परीक्षा देते थे। कोरोना काल में इस बार संस्थागत छात्र ही पाठ्यक्रम पूरा न होने और तैयारी न होने की बात कह रहे हैं, जबकि व्यक्तिगत छात्रों ने कोरोना के चलते बिल्कुल ही तैयारी नहीं की है।
