बनबसा: रीठासाहिब जा रहे सिख श्रद्धालुओं को जगबूढ़ा पुल पर रोका, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। चंपावत जिले के रीठासाहिब गुरुद्वारा में दर्शन के लिए जा रहे सिख समाज के लोगों को पुलिस ने जिले की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल पर रोक दिया, इससे वहां हंगामा हो गया। करीब चार दर्जन से अधिक सिख समाज के लोग जगबूढ़ा पुल पर एकत्र हो गए और रीठासाहिब जाने की …

बनबसा, अमृत विचार। चंपावत जिले के रीठासाहिब गुरुद्वारा में दर्शन के लिए जा रहे सिख समाज के लोगों को पुलिस ने जिले की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल पर रोक दिया, इससे वहां हंगामा हो गया। करीब चार दर्जन से अधिक सिख समाज के लोग जगबूढ़ा पुल पर एकत्र हो गए और रीठासाहिब जाने की बात पर अड़ गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ के काफी समझाने पर वह मान गए और घरों को लौट गए।
कोरोना महामारी के चलते चंपावत जिला प्रशासन ने जिले की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल पर प्रत्येक व्यक्ति की जांच जरूरी की है। इसी क्रम में शनिवार दोपहर 12 बजे बाइकों और कारों से करीब चार दर्जन सिख समाज के लोग रीठासाहिब गुरुद्वारा जाने के लिए जगबूढ़ा पुल पर पहुंचे। बताया जाता है कि रीठासाहिब गुरुद्वारे में हर साल मई में होने वाला मेला इस बार मेला कमेटी ने कोरोना महामारी की वजह से स्थगित कर दिया था।
अब स्थिति सामान्य होने पर सिख समाज के लोग गुरुद्वारा में दर्शन के लिए जाने लगे हैं, लेकिन शनिवार को जगबूढ़ा पुल पर पुलिस द्वारा बिना आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट के जिले में प्रवेश नहीं करने देने से वे लोग भड़क गए और हंगामा करने लगे। इस पर बनबसा थानाध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
स्थिति को भांपते हुए मामले से सीओ अविनाश वर्मा को अवगत कराया गया, इस पर सीओ ने जगबूढ़ा पुल पर पहुंचकर सिख समाज के लोगों को काफी समझाया। कहा कि बिना डीएम की अनुमति के उन्हें रीठासाहिब नहीं जाने दिया जा सकता है। करीब चार घंटे तक चली जद्दोजहद के बाद आखिरकार सिख समाज के लोग मान गए और घरों को लौट गए।
रीठासाहिब जाने के लिए काफी संख्या में सिख समाज के लोग जगबूढ़ा पुल पर पहुंचे थे। हालांकि, बिना आरटी-पीसीआर जांच के किसी को भी जिले में प्रवेश की अनुमति नहीं है। इस कारण उन्हें भी रोका गया था, लेकिन बाद में वे लोग समझाने पर मान गए और घरों को लौट गए।
-अविनाश वर्मा, सीओ

संबंधित समाचार