हल्द्वानी: आत्महत्या के लिए बहुमंजिला इमारत की छत पर चढ़ा युवक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी ब्लड बैंक की छत पर चढ़े एक युवक ने ऊंचाई से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने रेस्क्यू कर युवक को बचाया। इससे पहले आधा घंटा तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस कर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों की जान सांसत में रही। शनिवार पूर्वान्ह एक युवक ब्लड बैंक की …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी ब्लड बैंक की छत पर चढ़े एक युवक ने ऊंचाई से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने रेस्क्यू कर युवक को बचाया। इससे पहले आधा घंटा तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस कर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों की जान सांसत में रही।

शनिवार पूर्वान्ह एक युवक ब्लड बैंक की बहुमंजिला इमारत की छत पर चढ़ गया। वह नीचे कूदने की धमकी देने लगा। युवक को छत पर खड़े नीचे कूदने की धमकी देते देखकर आसपास मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए। सूचना पर मुखानी थाने के एसओ सुशील कुमार पुलिस कर्मियों के साथ आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। इसके बाद युवक को समझाने-बुझाने का दौर शुरू हुआ। युवक को छत पर चढ़ा देखकर आसपास लोगों का मजमा लग गया। इधर, पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी युवक नीचे आने को राजी नहीं हुआ। समझदारी दिखाते हुए पुलिस की एक टीम ने युवक को बातों में उलझाए रखा।

दूसरी ओर पुलिस की दूसरी टीम दबे पांच इमारत की छत पर पहुंच गई और युवक को पीछे से पकड़ लिया गया। युवक के कब्जे में आने के बाद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद युवक को थाने लाकर पूछताछ की गई। एसओ ने बताया कि बिठोरिया नंबर एक निवासी 21 वर्षीय युवक मानसिक रोग से ग्रसित है। इसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। परिजनों की मौजूदगी में मनोवैज्ञानिक से काउंसलिंग कराई गई। इसके बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रेस्क्यू करने वाली पुलिस टीम में एसओ के साथ ही एसआई धरम सिंह, एसआई तजवीर नेगी, नरेंद्र राणा, राजेश यादव, केदार सिंह आदि पुलिस कर्मी थे।

घर का चिराग बचाने पर पुलिस को कहा शुक्रिया
हल्द्वानी। आत्महत्या का प्रयास करने वाला युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसके पिता सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट पद से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि युवक की बहन ने भी कुछ वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी। एसओ ने बताया कि युवक मनोरोग से पीड़ित है। गंभीर मनोदशा के बीच उसने यह कदम उठाया। इधर, बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने भी राहत की सांस ली। उन्होंने बचाने वाले पुलिस कर्मियों को शुक्रिया अदा कर आभार जताया।

संबंधित समाचार