बरेली: 57 करोड़ से बनेगा सुभाषनगर पुल, कल लग सकती है मुहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 57 करोड़ रुपए से मंजूर सुभाषनगर पुल के निर्माण को स्मार्ट सिटी की बुधवार को आयोजित बैठक में अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माणदायी संस्था टेंडर प्रक्रिया पूरी करेगी। इस पुल के निर्माण के बाद सुभाषनगर और उसके आसपास के क्षेत्र में रहने वाले …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 57 करोड़ रुपए से मंजूर सुभाषनगर पुल के निर्माण को स्मार्ट सिटी की बुधवार को आयोजित बैठक में अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माणदायी संस्था टेंडर प्रक्रिया पूरी करेगी। इस पुल के निर्माण के बाद सुभाषनगर और उसके आसपास के क्षेत्र में रहने वाले बड़ी तादाद में लोगों को आने-जाने में काफी आसानी होगी। अभी सुभाषनगर पुलिया के नीचे मामूली बारिश में भी जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

स्मार्ट सिटी के तहत होने वाला यह काम पहले काफी समय से रेलवे से अनापत्ति न मिलने के कारण लटका था। यह औपचारिकता पूरी होने के बाद अभी दो दिन पहले स्मार्ट सिटी एडवाइजरी समिति की सर्किट हाउस में केंद्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि सुभाषनगर पुल बनाने को लेकर सभी बाधाओं को दूर कर लिया गया है।

इस प्रोजेक्ट के लिए धनराशि स्मार्ट सिटी से आवंटित होगी लेकिन निर्माण कार्य रेलवे और सेतु निगम दोनों को ही मिलकर तैयार करना है। इसके बनने से सुभाषननगर और उसके आसपास रहने वाले शहर के बड़े हिस्सों को आवागमन में काफी आसानी होगी। केंद्रीय मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों से जल्द ही रेलवे के अधिकारियों से वार्ता कर इस पुल का निर्माण शुरू कराने को कहा है।

अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक होनी है। इसमें इस पुल के लिए रेलवे को बजट जारी करने की संस्तुति कर दी जाएगी। इसके बाद इस पुल का निर्माण शुरू कराने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को टेंडर दे दिया जाएगा, ताकि पुल निर्माण को दो से तीन महीने से प्रारंभ किया जा सके। सुभाषनगर में पुल निर्माण न होने से अभी उस इलाके के हजारों लोग रेलवे की पुलिया के नीचे जलभराव होने के चलते बहुत ज्यादा परेशान हैं।

कई मुद्दों पर होगी चर्चा
बुधवार को स्मार्ट सिटी को लेकर बैठक होनी है। इसमें कई मुद्दों को लेकर चर्चा होगी। इसका एजेंडा भी तैयार हो गया है। -संजय चौहान, अधिशासी अभियंता नगर निगम/ महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी

संबंधित समाचार