मुनस्यारी: जल्द राशन नहीं पहुंचा तो यहां के 13 गांवों में हो जाएगा सकंट…
मुनस्यारी, अमृत विचार। मल्ला जोहार 13 गांवो में अभी तक सरकारी सस्ते गल्ले का राशन नहीं पहुंच पाया है। माइग्रेशन पर जाते समय ये लोग केवल पैदल रास्ते भर का राशन ले जाते है। माइग्रेशन पर पहुंचने वाले ये लोग इसी राशन पर निर्भर रहते हैं। राशन नहीं पहुंचने से इन गांवो में भुखमरी की …
मुनस्यारी, अमृत विचार। मल्ला जोहार 13 गांवो में अभी तक सरकारी सस्ते गल्ले का राशन नहीं पहुंच पाया है। माइग्रेशन पर जाते समय ये लोग केवल पैदल रास्ते भर का राशन ले जाते है। माइग्रेशन पर पहुंचने वाले ये लोग इसी राशन पर निर्भर रहते हैं। राशन नहीं पहुंचने से इन गांवो में भुखमरी की नौबत आने वाली है।
बीआरओ तथा लोक निर्माण विभाग की आपसी खींचतान के कारण मापांग में पैदल रास्ता चलने लायक नहीं है। लोग मिलम के निकट क्षतिग्रस्त पुल से जान हथेली में रखकर आवाजाही करने को विवश हैं। जिपं सदस्य दिशा मर्तोलिया ने आज एसडीएम तथा जिलाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
मुनस्यारी के मल्ला जोहार क्षेत्र का अंतिम गांव तहसील मुख्यालय से 68 किमी दूर पर है। इस क्षेत्र के लास्पा, रिलकोट, मर्तोली, मापा, ल्वां, पांछू, गनघर, मिलम, बुर्फू, बिलजू, टोला, खिलांच, रालम में अभी तक सरकारी राशन नहीं पहुंचा है। जबकि जिलाधिकारी ने एक माह पहले बैठक कर राशन भेजने के आदेश जारी कर दिए थे। उसके बाद भी राशन इन गांवो तक नहीं पहुंचा है। सरकारी राशन के भरोसे जाने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है।
इतना ही नहीं चीन सीमा पर रक्षक की भूमिका में रहने वाले इन परिवारों की परेशानी यहीं पर खत्म नहीं होती है। सीमा सड़क संगठन तथा लोक निर्माण विभाग के आपसी तालमेल नहीं होने का खामियाजा भी सीमा क्षेत्र की जनता भुगत रही है। बीआरओ मापांग में सड़क कटिंग का कार्य कर रहा है। पैदल यात्रा मार्ग धवस्त हो गया है। इस स्थान पर आवाजाही बंद है। खाली हाथ आदमी आर-पार नहीं जा पा रहा है। लोनिवि तथा बीआरओ एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
मिलम के निकट हिमपात से क्षतिग्रस्त पुल की अभी तक मरम्मत नहीं होने से लोग जान हथेली पर रख आवाजाही कर रहे है। बीआरओ आंखे बंद करके बैठा हुआ है। जिला पंचायत सदस्य दिशा मर्तोलिया ने आज जिलाधिकारी तथा उप जिलाधिकारी को पत्र लिखकर लोनिवि, बीआरओ तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने बीआरओ के ओसी का कार्यालय मुनस्यारी में स्थानतंरित करने की मांग उठाई। कहा कि इससे प्रशासन को तालमेल से कार्य करने में सहुलियत होगी। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
