बरेली: एक थप्पड़ की वजह से दोस्त को उतारा मौत के घाट
बरेली, अमृत विचार। शराब के नशे में जड़े एक थप्पड़ ने दोस्त को इतना गुस्सा दिला दिया कि उसने पहले तो दोस्त को पुलिया से धक्का दिया और फिर उसका गला तब तक दबाया जब तक की उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस से बचने के लिए उसने दोस्त का मोबाइल तोड़कर उसकी बाइक को …
बरेली, अमृत विचार। शराब के नशे में जड़े एक थप्पड़ ने दोस्त को इतना गुस्सा दिला दिया कि उसने पहले तो दोस्त को पुलिया से धक्का दिया और फिर उसका गला तब तक दबाया जब तक की उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस से बचने के लिए उसने दोस्त का मोबाइल तोड़कर उसकी बाइक को छुपा दिया।
भोजीपुरा के मनिहारी निवासी सोमपाल ठेकेदारी का काम करता था। 13 जून की सुबह वह नई बाइक से घर से निकला था। दोपहर में वह राजेंद्रनगर आया और उसके बाद वह वापस लौट गया। उसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा। परिवार ने उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
15 जून को परिवार ने इसकी शिकायत भोजीपुरा पुलिस से की। उसी शाम को पुलिस को जाधवपुर के पास नाले में उसका शव मिला। पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला की सोमपाल ने बैकुंठापुर के रहने वाले कमरूद्दीन से कई बार बात की थी। दोनों की लोकेशन भी एक ही टावर की आ रही थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि 13 जून को उसने और सोमपाल ने एक साथ पहले वियर पी और फिर वह जाधपुर पहुंचे।
वहां कहासुनी में सोमपाल ने उसे एक थप्पड़ मार दिया। यह वह बर्दास्त नहीं कर सका और उसने सोमपाल को पुलिया से नीचे फेंक दिया। इसके बाद उसने नीचे जाकर उसका गला अपनी बाजू से घोट दिया। जब वह मर गया तो उसने सोमपाल का मोबाइल तोड़कर उसकी बाइक छुपा दी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया है।
