उधमसिंह नगर: नकली करेंसी मामले में मास्टर माइंड भी पुलिस के हत्थे चढ़ा, सट्टे के अवैध धंधे में खपाता था नकली नोट
उधमसिंह नगर, अमृत विचार। उत्तराखंड की चंपावत पुलिस ने नकली करेंसी मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया है। आरोपी सट्टे के धंधे में नकली नोट खपाता था, उसके पास से नकली करेंसी बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। चंपावत के टनकपुर में विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं …
उधमसिंह नगर, अमृत विचार। उत्तराखंड की चंपावत पुलिस ने नकली करेंसी मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया है। आरोपी सट्टे के धंधे में नकली नोट खपाता था, उसके पास से नकली करेंसी बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। चंपावत के टनकपुर में विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं पुलिस की टीम ने गुरुवार रात को 105000 रुपये मूल्य की नकली करेंसी के साथ उधमसिंह नगर सितारगंज के पंडरी गांव निवासी मुख्तार अली को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 500 और 100 मूल्य वर्ग के 105000 मूल्य के नकली नोट बरामद हुए थे।
आरोपी ने खुलासा किया था कि वह नकली करेंसी को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित वार्ड नंबर 17 निवासी नितिन राठौर से लाया है। उसकी योजना उन्हें टनकपुर क्षेत्र में चलाने की थी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिये जाल बिछाया। इस दौरान आरोपी ने अपना ठिकाना बदल लिया और वह उधमसिंह नगर के पंतनगर सिडकुल में मेट्रोपोलिस सिटी बिल्डिंग से अपना कारोबार चलाने लगा। पुलिस ने आरोपी को पंतनगर मेट्रोपोलिस सिटी बिल्डिंग से पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से नकली नोट बनाने वाले उपकरण, प्रिंटर, तीन मोबाइल फोन, नकली नोट बनाने के लिये प्रयोग होने वाला सादा कागज एवं दस हजार मूल्य के नकली नोट भी बरामद किया है। आरोपी ने बताया कि वह सट्टे के धंधे में नकली करेंसी को खपाता था। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इस धंधे में लिप्त थे और सट्टा के अलावा तराई के उधमसिंह नगर, चंपावत एवं हल्द्वानी में नकली नोटों का धंधा करते थे। आरोपी के खिलाफ 488बी, 489ए, 489सी व 489डी में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाइ अमल में लायी जा रही है।
